बिसोली में टास्क के नाम पर युवक से 10 लाख की ठगी, साइबर थाने में केस दर्ज।
पहले दिया लालच, फिर प्रॉफिट का झांसा देकर खाते से निकलवाए लाखों।
बदायूं 29 मई।
साइबर ठगों ने टेलीग्राम पर टास्क पूरा करने का झांसा देकर बिसोली के वार्ड नं. 18 निवासी युवक से करीब 10 लाख रुपये ठग लिए। पीड़ित की तहरीर पर साइबर क्राइम थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
आशीष गुप्ता पुत्र शशिकांत गुप्ता ने पुलिस को बताया कि 04 मई 2026 को उन्हें एक मोबाइल नंबर से ‘Daily Income Group’ नाम के व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा गया। ग्रुप एडमिन ने लिंक लाइक कर स्क्रीनशॉट भेजने पर 200 रुपये देने का वादा किया। लालच में आकर आशीष ने लिंक लाइक कर दिया और उसे 200 रुपये मिल भी गए।
इसके बाद ठगों ने उसे टेलीग्राम अकाउंट team_rashmi55 पर मैसेज करने को कहा। वहां रश्मि पगारे नाम की महिला ने उसे A-nykaamMall Tasks-363 ग्रुप में जोड़ दिया। ग्रुप में लिंक लाइक करने पर 50 रुपये प्रति लाइक और प्रीपेड टास्क में निवेश पर 30% मुनाफे का लालच दिया गया।
शुरुआत में 1000, 3000 और 5000 रुपये लगाने पर ठगों ने मुनाफे समेत रकम वापस कर दी। इससे आशीष का भरोसा जीत लिया। इसके बाद उससे 12,000 से 45,000 रुपये तक कई बार जमा कराए गए। पैसे निकालने के लिए और निवेश का दबाव बनाया गया।
पीड़ित ने बताया कि 6 मई को उससे 2 लाख रुपये और फिर पूरी रकम वापस लेने के नाम पर 2,87,485 रुपये और जमा करा लिए। इसके बाद भी और पैसे की डिमांड करने पर उसे ठगी का एहसास हुआ। ठगों ने कुल करीब 10 लाख रुपये हड़प लिए।
पीड़ित ने 07 मई को एनसीआरपी पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत संख्या 23105260086899 दर्ज कराई। 26 मई 2026 को साइबर थाने में मुकदमा दर्ज कर इंस्पेक्टर को जांच सौंपी गई है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।


badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

