बदायूं
नदी किनारे पेड़ से लटका मिला शव
बदायूं इस्लामनगर थाना क्षेत्र के बेहटा पाठक गांव का निवासी 20 वर्षीय जितेंद्र हरियाणा में रहकर मजदूरी का काम करता था। वह करीब एक महीने पहले ही गांव लौटा था। गांव के ही जंगल में नदी किनारे एक चंदन के पेड़ पर जितेंद्र का शव फंदे से लटका हुआ पाया गया।
घटना का खुलासा तब हुआ जब जंगल में घास काट रहे कुछ स्थानीय किसानों की नजर पेड़ से लटके शव पर पड़ी। किसानों ने तुरंत इसकी सूचना मृतक के परिजनों को दी।
पुलिस जांच में जुटी
सूचना मिलते ही बदहवास परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। इसके बाद स्थानीय पुलिस को मामले की जानकारी दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है।
पुलिस का बयान: पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। हालांकि, अभी तक आत्महत्या के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है।
परिवार का सबसे छोटा सदस्य था जितेंद्र
परिजनों के मुताबिक, जितेंद्र तीन भाइयों और एक बहन में सबसे छोटा था। लगभग एक महीने पहले ही उसकी शादी हुई थी। शादी के कुछ ही समय बाद इस तरह का कदम उठाने से पूरे परिवार में कोहराम मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य पहलुओं के आधार पर मामले की तहकीकात कर रही है।
केशव गुप्ता


badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

