4:54 am Monday , 20 July 2026
BREAKING NEWS

48 घंटे बाद अपनों से मिला बिछड़ा बुजुर्ग, बिसौली पुलिस की तत्परता ने लौटाई परिवार की मुस्कान

48 घंटे बाद अपनों से मिला बिछड़ा बुजुर्ग, बिसौली पुलिस की तत्परता ने लौटाई परिवार की मुस्कान

बदायूँ। संवेदनशील पुलिसिंग का एक सराहनीय उदाहरण सामने आया है, जहां थाना बिसौली पुलिस ने मानसिक रूप से कमजोर एक बुजुर्ग व्यक्ति को सकुशल उनके परिजनों से मिलाकर मानवता और जिम्मेदारी का परिचय दिया। पुलिस की मुस्तैदी और सोशल मीडिया के प्रभावी इस्तेमाल से 80 वर्षीय बुजुर्ग आखिरकार अपने परिवार तक पहुंच सके।
जानकारी के अनुसार, 24 मई 2026 की रात डायल-112 पर सूचना प्राप्त हुई कि थाना बिसौली क्षेत्र के ग्राम अम्बियापुर जंगल में एक बुजुर्ग व्यक्ति भटकते हुए मिले हैं, जो मानसिक रूप से कमजोर प्रतीत हो रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना बिसौली पुलिस मौके पर पहुंची और बुजुर्ग से पहचान संबंधी जानकारी लेने का प्रयास किया। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम केवल “मदनलाल” बताया, लेकिन अन्य कोई जानकारी देने में असमर्थ रहे।
इसके बाद पुलिस टीम ने मानवीय संवेदनशीलता दिखाते हुए बुजुर्ग की फोटो सोशल मीडिया और व्हाट्सएप ग्रुपों पर प्रसारित कर परिजनों की तलाश शुरू की। लगातार प्रयासों के बाद सफलता मिली और बुजुर्ग के पुत्र विनीत पुत्र मदनलाल निवासी बुद्ध बाजार रोड, मोहल्ला गुलाब बाग वार्ड नंबर-07, कस्बा एवं थाना बिसौली, जिला बदायूँ थाना पहुंच गए।
विनीत ने पुलिस को बताया कि उनके पिता 22 मई को बरेली स्थित उनके भाई के घर से बिना बताए कहीं चले गए थे, जिसके बाद परिवार लगातार उनकी तलाश कर रहा था। सोशल मीडिया के जरिए जब उन्हें जानकारी मिली कि उनके पिता थाना बिसौली में सुरक्षित हैं, तब वे तुरंत वहां पहुंचे।
थाना बिसौली पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी कर बुजुर्ग मदनलाल को सकुशल उनके पुत्र के सुपुर्द कर दिया। अपने पिता को सुरक्षित पाकर परिवार की आंखें नम हो गईं और परिजनों ने पुलिस टीम की जमकर सराहना की।
इस मानवीय कार्य ने एक बार फिर साबित कर दिया कि पुलिस सिर्फ कानून व्यवस्था ही नहीं, बल्कि लोगों की उम्मीद और भरोसे का भी मजबूत सहारा है।

विज्ञापन एक्सप्रेस