9:55 am Tuesday , 21 July 2026
BREAKING NEWS

भीषण गर्मी में बिजली ने दिया दगा, बिसोली में गुस्साए लोगों ने एक्सईएन दफ्तर घेरा

भीषण गर्मी में बिजली ने दिया दगा, बिसोली में गुस्साए लोगों ने एक्सईएन दफ्तर घेरा।

बिजली कटौती से बिलबिलाए उपभोक्ता, नारेबाजी कर जताया विरोध; पुलिस ने संभाला मोर्चा।

बदायूं 20 मई।

नौतपा से पहले ही 42°C पार कर चुके पारे के बीच बिजली की आंख-मिचौली ने बदायूं के लोगों का सब्र तोड़ दिया। बिसौली इलाके के भानपुर बिजलीघर क्षेत्र में पिछले पांच दिन से जारी अघोषित कटौती से गुस्साए सैकड़ों उपभोक्ताओं ने बुधवार को अधिशासी अभियंता (एक्सईएन) कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि दिन-रात लगातार हो रही कटौती ने जीना मुहाल कर दिया है। रात-रात भर बिजली न आने से न तो पंखे-कूलर चल पा रहे हैं, न ही घरों में पानी चढ़ पा रहा। छोटे कारोबारी और किसान भी परेशान हैं। खेतों में सिंचाई ठप है, दुकानों पर काम ठप।

स्थानीय निवासी रामवीर सिंह ने बताया, “रात के तीन-तीन बजे तक सड़कों पर घूमकर लाइनमैन को फोन करते हैं। अफसर शिकायत सुनते ही फोन काट देते हैं। पांच दिन से यही हाल है।”

बुधवार सुबह 11 बजे बड़ी संख्या में ग्रामीण और कस्बे के लोग एक्सईएन कार्यालय पहुंचे और दफ्तर के बाहर धरने पर बैठ गए। ‘बिजली दो या कुर्सी छोड़ो’ के नारे लगे। सूचना पर क्राइम इंस्पेक्टर चमन गिरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया।

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि 24 घंटे में आपूर्ति सुचारू नहीं हुई तो आंदोलन उग्र होगा। बिनावर में भी किसानों ने बिजली संकट को लेकर अलग से प्रदर्शन किया।

एक्सईएन कार्यालय के अधिकारियों ने माना कि ओवरलोड और लोकल फॉल्ट की वजह से दिक्कत आ रही है। जल्द टीम भेजकर लाइन दुरुस्त कराने और रोस्टर के मुताबिक सप्लाई देने का आश्वासन दिया गया।

बदायूं में बुधवार को अधिकतम तापमान 42°C दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने अगले 72 घंटे हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। भीषण गर्मी में बिजली कटौती से जिले के कई इलाकों में पेयजल संकट भी गहरा गया है। बीते एक हफ्ते मे ज़िले में बिजली कटौती को लेकर कई जगह प्रदर्शन हो चुके हैं।

प्रचंड गर्मी में बिजली-पानी की किल्लत ने लोगों की नींद उड़ा दी है। अफसर आश्वासन दे रहे हैं, पर लोगों को राहत का इंतजार है।

विज्ञापन एक्सप्रेस