बदायूं
चंदौसी रेलवे स्टेशन से 8 वर्षीय मासूम लापता, माँ की हालत बिगड़ी
बरेली से लौट रही महिला की बेटी रात में स्टेशन से रहस्यमय तरीके से गायब, परिजन परेशान
चंदौसी रेलवे स्टेशन से एक आठ वर्षीय बच्ची के रहस्यमय तरीके से लापता होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद से परिजनों में हड़कंप मचा हुआ है, जबकि बच्ची की माँ सदमे में है और कई दिनों से ठीक से खाना तक नहीं खाया है।
जानकारी के अनुसार, बिसौली के आसफपुर रोड स्थित गिहार बस्ती निवासी लीला देवी पत्नी मेवाराम अपनी आठ वर्षीय बेटी उर्वसी के साथ बरेली में रिश्तेदारी से लौट रही थीं। बताया जा रहा है कि 14 मई की रात माँ-बेटी चंदौसी रेलवे स्टेशन पर ही रुक गई थीं। देर रात दोनों स्टेशन परिसर में सो रही थीं, तभी अचानक उर्वसी रहस्यमय परिस्थितियों में गायब हो गई।
रात में नींद खुलने पर जब लीला देवी ने अपनी बेटी को पास नहीं पाया तो उनके होश उड़ गए। बताया जा रहा है कि मानसिक रूप से अस्वस्थ लीला देवी ने बिना किसी को सूचना दिए तीन दिनों तक अकेले ही स्टेशन और आसपास के इलाकों में बच्ची की तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।
थक-हारकर घर लौटने पर परिजनों को घटना की जानकारी हुई, जिसके बाद उन्होंने रेलवे पुलिस को तहरीर देकर बच्ची की तलाश की मांग की। परिजनों का कहना है कि उर्वसी की मानसिक स्थिति सामान्य है, लेकिन माँ लीला देवी पहले से मानसिक रूप से कमजोर थीं और इस घटना के बाद उनकी हालत और बिगड़ गई है। बताया जा रहा है कि वह पिछले चार दिनों से ठीक से भोजन भी नहीं कर रही हैं।
परिजन बच्ची की तलाश में लगातार प्रयास कर रहे हैं और पुलिस से जल्द कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। वहीं स्थानीय लोगों ने भी रेलवे स्टेशन और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर बच्ची का जल्द पता लगाने की अपील की है।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

