बदांयू में सोना-चांदी की महंगाई ने बदला शादी का अंदाज़, पुश्तैनी गहनों का बढ़ा चलन।
हल्के गहनों की मांग 70% तक बढ़ी, 18 कैरेट को दे रहे तरजीह।
बदांयू 17 मई 2026।
सोने-चांदी की कीमतों में रिकॉर्ड उछाल ने शादी-ब्याह के सीजन में जेवर खरीदने का तरीका ही बदल दिया है। बदांयू के सर्राफा बाजार में अब ग्राहक पुश्तैनी गहनों को री-डिज़ाइन कराने और हल्के वज़न की ज्वेलरी खरीदने पर जोर दे रहे हैं। पहले जहां शादी में 10 से 20 तोला तक सोना खरीदा जाता था, अब लोग पांच तोला से कम में ही काम चला रहे हैं।
महंगाई ने बिगाड़ा बजट
सर्राफा कारोबारी चंदन कुमार बताते हैं कि “पिछले साल शादी के समय ग्राहक जेवरात खरीदने आते थे, लेकिन इस बार सोना-चांदी महंगा होने से ग्राहक ही नहीं आ रहे। जो आ रहे हैं वे कम वजन वाले गहने खरीदते हैं”। 24 कैरेट सोना 1.54 लाख से 1.60 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी 2.90 लाख से 3.35 लाख रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है। चांदी की दुल्हन पायल जो पहले 700-2000 रुपये की थी, अब 10 हजार के करीब है।
पुश्तैनी गहनों को नई चमक
महंगाई के चलते बदांयू में पुश्तैनी गहनों का इस्तेमाल तेजी से बढ़ा है। लोग पुराने गहनों को पिघलवाकर नया डिज़ाइन बनवा रहे हैं। इससे मेकिंग चार्ज तो लग रहा है, पर नए सोने की खरीद से बचा जा रहा है।
बदलता ट्रेंड: 18 कैरेट और लाइट वेट
20-22 कैरेट की जगह अब 80% ग्राहक 18 कैरेट के गहने बनवा रहे हैं क्योंकि ये सस्ते पड़ते हैं। वहीं, गिफ्ट के लिए लाइट वेट ज्वेलरी की मांग 70% तक बढ़ गई है। पायल, बिछुआ और चांदी के बर्तनों की बिक्री 70-80% तक गिर गई है।
एक्सपर्ट की सलाह
खरीदारी में बरतें सावधानी
हॉलमार्क ज़रूर देखें-22 कैरेट पर 916 और 18 कैरेट पर 750 हॉलमार्क होता है।
पक्का बिल लें- बिल न होने पर ज्वैलर मनमाने भाव पर सोना खरीद सकता है।
मेकिंग चार्ज पर मोलभाव करें- 10 ग्राम गहने पर मेकिंग + GST मिलाकर 17,091 रुपये तक अतिरिक्त देने पड़ रहे हैं।
फिलहाल बाजार में ग्राहक शगुन के लिए ही कम वज़न के गहने ले रहे हैं। बाकी आइटम के लिए आर्टिफिशियल और सिटी गोल्ड का सहारा लिया जा रहा है।

badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

