12:26 am Tuesday , 21 July 2026
BREAKING NEWS

शोरूम चमचम, ग्राहक गुम: उझानी के सर्राफा बाजार में ‘सोना’ हुआ सन्नाटा!

शोरूम चमचम, ग्राहक गुम: उझानी के सर्राफा बाजार में ‘सोना’ हुआ सन्नाटा!

पीएम की अपील और टैक्स का डबल झटका, कारीगर बोले- अब चूल्हा कैसे जलेगा?।

उझानी-बदांयू 14 मई ।

उझानी के सर्राफा बाजार में अब न वो चूड़ियों की खनक है, न ग्राहकों की ठसक। AC शोरूम में सोना तो चमक रहा है, पर कुर्सियां खाली पड़ी हैं। दुकानदार गेट पर खड़े होकर मक्खियां मार रहे हैं। कारीगर हथौड़ी-छेनी रखकर बीड़ी फूंक रहे हैं। वजह? पीएम की ‘एक साल सोना मत खरीदो’ वाली अपील और 15% टैक्स की कैंची।

सर्राफा बाजार के बड़े सेठ बोले, “पहले महंगाई ने कमर तोड़ी, अब अपील ने दुकान ही बंद करा दी।” बिक्री का ग्राफ ऐसा गिरा कि 100 रुपये का धंधा 15 रुपये पर आ टिका।

कारीगरों की थाली खाली

कारीगर रामू बोला, “साहब, ऑर्डर नहीं तो मजदूरी कहां? बच्चे भूखे सोएंगे।” उझानी सर्राफा कमेटी के अध्यक्ष संजय कुमार मित्तल गरजे, “एक दुकान से 10 घर चलते हैं। हम सड़क पर उतरेंगे।”

मंगलवार को सोना 1.56 लाख तोला था, बुधवार को 1.62 लाख हो गया। “तीन दिन में दो बार जेब कटी। पहले अपील, फिर टैक्स। ग्राहक बोले, अभी नहीं।”

अब हाल ये है कि दुकान का किराया, बैंक की किश्त, स्टाफ की सैलरी और हाउस टैक्स का मीटर चालू है, पर कैश काउंटर पर जाला लग गया है। दुकानों में अब गहनों की नहीं, सन्नाटे की खनक सुनाई दे रही है।


राजेश वार्ष्णेय एमके

विज्ञापन एक्सप्रेस