11:32 pm Sunday , 19 July 2026
BREAKING NEWS

बिसौली में भूमि विवाद का ‘फाइनल’! तहसीलदार की रिपोर्ट से मचा हड़कंप

बिसौली में भूमि विवाद का ‘फाइनल’! तहसीलदार की रिपोर्ट से मचा हड़कंप, अवैध कब्जेदारों को लगा झटका।

बिसौली, बदायूँ 10मई 2026।

बिसौली तहसील में चल रहे जमीन के महाभारत पर आखिरकार विराम लग गया है। तहसीलदार की कलम चली और भूमि विवाद की फाइल ‘निस्तारित’ के ठप्पे के साथ बंद हो गई। नायब तहसीलदार की जाँच रिपोर्ट ने कई सफेदपोश कब्जेदारों की नींद उड़ा दी है।

क्या है पूरा मामला ?

गाँव मिर्जापुर बेहटा में गाटा संख्या 1275, 1277, 1698 और 1699 को लेकर रार मची थी। शिकायत के बाद 5 मई 2026 को नायब तहसीलदार बिसौली और लेखपाल लोकपाल सिंह की टीम मौके पर पहुँची। जाँच में जो खुलासा हुआ, वो चौंकाने वाला था।

काजी हाउस बना बारात घर, दुकान पर ‘कब्जा राज’

गाटा 1275 काजी हाउस के नाम दर्ज है, जहाँ बारात घर बना है। लेकिन इसी जमीन के 13.20 वर्ग मीटर पर प्रदीप की दुकान चमक रही थी। नगर पंचायत फैजगंज ने अब प्रदीप गुप्ता को ‘अंतिम नोटिस’ थमा दिया है। यानी दुकान का शटर डाउन होना तय!

सड़क पर भी दुकानदारी! PWD को लिखा पत्र

गाटा 1277 सड़क के नाम दर्ज है और मौके पर सड़क भी चल रही है। मगर इसी सड़क की 21.78 वर्ग मीटर जमीन पर कुलदीप पुत्र राजपाल गुप्ता की दुकान चल रही थी। अब लोक निर्माण विभाग को चिट्ठी लिखकर कब्जा हटाने को कहा गया है।

खाद के गड्ढे में नींव, तहसीलदार ने चलवाया बुलडोजर।

गाटा 1698 खाद के गड्ढे के लिए आरक्षित था। यहाँ प्रदीप गुप्ता ने चुपके से नींव भर दी थी। लेकिन नायब तहसीलदार की मौजूदगी में इस अवैध नींव को पहले ही जमींदोज कर दिया गया।

तहसीलदार बिसौली ने साफ लिख दिया है कि प्रार्थना पत्र निस्तारित किए जाने योग्य है। यानी शिकायतकर्ता को न्याय मिल गया। अब देखना ये है कि नोटिस के बाद प्रदीप और कुलदीप खुद कब्जा छोड़ते हैं या प्रशासन को सख्ती दिखानी पड़ेगी।

बिसौली की गलियों में चर्चा गर्म है : “जमीन सरकारी हो या काजी हाउस की, कब्जा करने वालों की अब खैर नहीं!”_

विज्ञापन एक्सप्रेस