बिसौली लात मारकर गिराया, नगदी व सोने-चांदी के आभूषण लूटे।
बिसौली (बदायूं) बिसौली क्षेत्र में देर रात एक दंपति के साथ लूट की घटना सामने आई है। हर्रायपुर निवासी रोहित अपनी पत्नी पिंकी के साथ रविवार शाम एक विवाह समारोह में शामिल होने नगर आए थे। देर रात जयमाला कार्यक्रम समाप्त होने के बाद दोनों बाइक से घर लौट रहे थे।
आंवला रोड पर नक्टा बाग के पास पीछे से आए तीन नकाबपोश बदमाशों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। दंपति द्वारा बाइक न रोकने पर आरोप है कि बदमाशों ने लात मारकर बाइक गिरा दी, जिससे महिला घायल हो गई। इसके बाद लूटरों ने उन्हें धमकाते हुए मोबाइल फोन छीन लिया। पीड़ित पक्ष के अनुसार बदमाशों ने सोने-चांदी के आभूषण, जिनमें लर, कुंडल और बिछुआ शामिल हैं, के साथ करीब सात हजार रुपये नकद लूट लिए। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए, हालांकि चौंका देने वाली बात यह है कि लूटपाट के बाद बदमाश छीना गया मोबाइल फोन वापस लौटा गए। सोमवार को पीड़ित ने कोतवाली पुलिस को घटना की तहरीर दी है।
कोतवाली के इंस्पेक्टर कमलेश मिश्रा ने बताया कि मामले की तहरीर प्राप्त हो गई है और प्रथम दृष्टया लूट की घटना सामने आई है। उन्होंने कहा कि घटनास्थल व आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्धों की पहचान के प्रयास जारी हैं। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा। फिलहाल विधिक कार्रवाई की जा रही है।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

