कुंवरगांव। थाना क्षेत्र के गांव गंज में अवैध लकड़ी कटान का गंभीर मामला सामने आया है। शुक्रवार देर रात अज्ञात लोगों ने बिना किसी अनुमति के आधा दर्जन से अधिक हरे-भरे सागौन के पेड़ों को काट दिया। सुबह जब ग्रामीणों की नजर कटे हुए पेड़ों पर पड़ी तो पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। टीम ने कटे हुए सागौन की लकड़ी को कब्जे में लेकर मामले की पड़ताल शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में यह अवैध कटान संगठित तरीके से किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
वन विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिना अनुमति पेड़ों की कटाई करना गंभीर अपराध है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। टीम आसपास के क्षेत्रों में भी जांच कर रही है, ताकि इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा सके।
घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। उनका कहना है कि क्षेत्र में पहले भी अवैध कटान की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन ठोस कार्रवाई के अभाव में लकड़ी माफिया के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से सख्त कदम उठाने की मांग की है।
वन विभाग ने इस मामले में लकड़ी माफिया मोहम्मद तारिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश जारी है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

