12:28 am Monday , 20 July 2026
BREAKING NEWS

बदायूँ – पुलिस की मजबूत पैरवी से मारपीट के दो दोषियों को 3-3 साल की सजा

बदायूं

ऑपरेशन कन्विक्शन: बदायूँ में मारपीट के दो दोषियों को 3-3 साल की सजा, पुलिस की मजबूत पैरवी रंग लाई

बदायूँ | 02 मई 2026
उत्तर प्रदेश पुलिस के “ऑपरेशन कन्विक्शन” अभियान के तहत बदायूँ पुलिस ने एक बार फिर प्रभावी कार्रवाई करते हुए मारपीट के मामले में दो अभियुक्तों को सजा दिलाने में सफलता हासिल की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूँ के पर्यवेक्षण में की गई सशक्त पैरवी के चलते माननीय न्यायालय एडीजे-10 कोर्ट, बदायूँ ने दोनों आरोपियों को दोषी करार देते हुए कठोर दंड सुनाया।
मामला थाना दातागंज क्षेत्र के ग्राम महताबपुर का है, जहां दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 147/148/308/149/323/324/504/506 भादवि में आरोपी भूरे पुत्र नन्हकू एवं श्यामलाल पुत्र बिहारी को न्यायालय ने दोषी पाया। कोर्ट ने दोनों अभियुक्तों को विभिन्न धाराओं में सजा सुनाते हुए प्रत्येक को कुल 03 वर्ष के साधारण कारावास एवं ₹9500-₹9500 के अर्थदंड से दंडित किया।
न्यायालय के आदेशानुसार—
अभियुक्तों को धारा 147 IPC में 2 वर्ष का कारावास व ₹2000 जुर्माना,
धारा 323/149 IPC में 1 वर्ष का कारावास व ₹1000 जुर्माना,
धारा 324/149 IPC में 3 वर्ष का कारावास व ₹5000 जुर्माना,
धारा 504 IPC में 6 माह का कारावास व ₹500 जुर्माना,
तथा धारा 506 IPC में 2 वर्ष का कारावास व ₹1000 जुर्माना सुनाया गया है।
साथ ही, जुर्माना अदा न करने की स्थिति में अतिरिक्त कारावास का भी प्रावधान रखा गया है।
इस मामले की विवेचना थाना दातागंज में तैनात उप निरीक्षक सुरेन्द्र सिंह द्वारा पूरी कर समयबद्ध तरीके से आरोप पत्र न्यायालय में दाखिल किया गया। “ऑपरेशन कन्विक्शन” के अंतर्गत इस केस को चिन्हित कर मॉनिटरिंग सेल बदायूँ द्वारा लगातार निगरानी की गई और पैरोकार मुख्य आरक्षी प्रेमपाल ने न्यायालय में सशक्त पैरवी की।
अभियोजन पक्ष से लोक अभियोजक सुधीर कुमार मिश्रा (एडीजीसी) ने प्रभावी ढंग से पक्ष रखा, जिसके परिणामस्वरूप अदालत ने दोनों आरोपियों को दोषी ठहराते हुए सजा सुनाई।
इस सफलता में विवेचक, पैरोकार एवं अभियोजन टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिसकी पुलिस विभाग ने सराहना की है। बदायूँ पुलिस की यह कार्रवाई अपराधियों के खिलाफ कड़ा संदेश है कि अब कानून के शिकंजे से बच निकलना आसान नहीं।

केशव गुप्ता

विज्ञापन एक्सप्रेस