बदायूं
बदायूं में कुदरत का कहर: आकाशीय बिजली गिरने से युवक गंभीर घायल, गांव में दहशत
वजीरगंज (बदायूं):
जनपद बदायूं के वजीरगंज थाना क्षेत्र के गांव पेंपल में गुरुवार शाम कुदरत का कहर देखने को मिला, जब तेज गर्जना के साथ गिरी आकाशीय बिजली ने एक युवक को गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।
मिली जानकारी के अनुसार, पेंपल गांव निवासी राजकमल पुत्र जय सिंह साप्ताहिक बाजार से अपने घर लौट रहा था। तभी अचानक मौसम ने करवट ली और तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली पास ही एक मकान पर आ गिरी। बिजली गिरने से मकान का लेंटर का छज्जा भरभराकर नीचे गिर पड़ा, जिसकी चपेट में आकर राजकमल गंभीर रूप से घायल हो गया।
छज्जा गिरते ही युवक लहूलुहान होकर मौके पर ही गिर पड़ा। घटना को देख आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया और देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। वहीं परिजनों ने तत्काल 108 एंबुलेंस सेवा को सूचना दी। कुछ ही देर में एंबुलेंस चालक उज्जवल कुमार और ईएमटी संदीप कुमार मौके पर पहुंचे और घायल युवक को प्राथमिक उपचार देते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सैदपुर पहुंचाया।
अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में युवक का इलाज जारी है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
इस घटना के बाद पूरे गांव में भय और दहशत का माहौल बना हुआ है। लोग प्राकृतिक आपदा के इस अचानक कहर से सहमे हुए हैं और प्रशासन से राहत व सुरक्षा के इंतजाम की मांग कर रहे हैं।
केशव गुप्ता
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

