बदायूं
मिशन शक्ति-5 के तहत वजीरगंज पुलिस का जागरूकता अभियान
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूं (#SSP__BDN) के निर्देशन में थाना वजीरगंज पर गठित मिशन शक्ति टीम द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मिशन शक्ति-5 अभियान के अंतर्गत विशेष जागरूकता कार्यक्रम चलाया गया।
इस अभियान के दौरान क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर पुलिस टीम ने महिलाओं और बालिकाओं से संवाद स्थापित किया तथा उन्हें सरकार द्वारा जारी महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही साइबर अपराधों से बचाव के उपायों के बारे में भी जागरूक किया गया, ताकि वे डिजिटल प्लेटफॉर्म का सुरक्षित उपयोग कर सकें।
पुलिस टीम ने बताया कि किसी भी आपात स्थिति में महिलाएं बिना झिझक हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग करें और तुरंत सहायता प्राप्त करें। इसके अलावा साइबर ठगी, सोशल मीडिया दुरुपयोग और ऑनलाइन फ्रॉड से बचने के लिए सतर्क रहने की सलाह दी गई।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित महिलाओं एवं बालिकाओं को आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने, अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने तथा किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तुरंत पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया गया।
वजीरगंज पुलिस की इस पहल से क्षेत्र में महिलाओं के बीच सुरक्षा के प्रति विश्वास मजबूत हुआ है और समाज में सकारात्मक संदेश प्रसारित हुआ है।
केशव गुप्ता
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

