बदायूं
बिसौली पुलिस का बड़ा खुलासा: लूटकांड का पर्दाफाश, 3 शातिर आरोपी गिरफ्तार, माल व बाइक बरामद
बदायूं | 26 अप्रैल 2026
जनपद बदायूं के थाना बिसौली पुलिस ने एक सनसनीखेज लूट की घटना का सफल अनावरण करते हुए तीन शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए आभूषण, आधार कार्ड तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूं सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) एवं क्षेत्राधिकारी बिसौली के पर्यवेक्षण तथा थाना प्रभारी बिसौली के नेतृत्व में चलाए जा रहे अपराधियों के विरुद्ध अभियान के तहत की गई।
घटना 24 अप्रैल 2026 की शाम करीब 5:45 बजे की है, जब वादी विकास पुत्र डौली निवासी ग्राम सिरकीखेड़ा थाना मुजरिया अपनी पत्नी और चचेरे भाई पुष्पेन्द्र के साथ मोटरसाइकिल से ग्राम फतेहपुर जा रहा था। रास्ते में कृषि अनुसंधान केंद्र के पास पीछे से आए मोटरसाइकिल सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने वादी की पत्नी के हाथ से पर्स छीन लिया और फरार हो गए। पर्स में दो जोड़ी पायल, एक जोड़ी हथफूल, एक गुच्छा (सफेद धातु), एक मंगलसूत्र (काले-लाल मोती वाला) तथा एक आधार कार्ड रखा था। वादी द्वारा बाइक का नंबर पहचान लिए जाने पर थाना बिसौली में लिखित तहरीर दी गई, जिसके आधार पर मु0अ0सं0 163/2026 धारा 304(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना का खुलासा किया और तीनों अभियुक्तों—सचिन पुत्र चन्द्रपाल बाल्मिकि निवासी खुड्डा लोरा थाना धनास चंडीगढ़, गोपाल पुत्र महीपाल यादव निवासी जरारा थाना बिसौली जनपद बदायूं तथा शुभम पुत्र रामजी तिवारी निवासी धमौर थाना शाहपुर जिला भोजपुर (बिहार), हाल पता ग्राम काठा थाना बद्दी जिला सोलन (हिमाचल प्रदेश)—को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से दो जोड़ी पायल, एक जोड़ी हथफूल, एक गुच्छा (सफेद धातु), एक मंगलसूत्र, एक आधार कार्ड तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल (UP 24 BM 7265) बरामद की गई। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोत्तरी की गई है।
पूरी कार्रवाई में उ0नि0 तिलकराम सिंह, उ0नि0 धूम सिंह, हे0का0 755 राजेन्द्र सिंह तथा हे0का0 615 रघुवंश सिंह की अहम भूमिका रही। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है।
इस सफल कार्रवाई से क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता का स्पष्ट संदेश गया है और अपराधियों में भय का माहौल बना है।
केशव गुप्ता
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

