11:44 pm Monday , 20 July 2026
BREAKING NEWS

बिसौली में गैस संकट पर फूटा गुस्सा, हाईवे जाम से थमी रफ्तार

सिलेंडर सड़क पर रखकर हंगामा! बिसौली में गैस संकट पर फूटा गुस्सा, हाईवे जाम से थमी रफ्तार

बिसौली( बदायूं) बिसौली नगर में मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब रसोई गैस सिलेंडर न मिलने से नाराज उपभोक्ताओं ने सड़क पर सिलेंडर रखकर जाम लगा दिया। ओलंपिक इंडियन गैस एजेंसी के खिलाफ लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और देखते ही देखते हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। अचानक लगे जाम से राहगीरों और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
प्रदर्शन कर रहे लोगों का आरोप था कि कई दिनों से गैस सिलेंडर की आपूर्ति बाधित है, लेकिन एजेंसी स्तर पर कोई ठोस समाधान नहीं किया जा रहा। गुस्साए उपभोक्ताओं ने एजेंसी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और सप्लाई व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग उठाई। हालात ऐसे हो गए कि कुछ देर के लिए पूरे इलाके में यातायात पूरी तरह ठप हो गया।
सूचना मिलते ही बिसौली कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद प्रदर्शनकारियों को समझाकर जाम खुलवाया। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद धीरे-धीरे आवागमन सुचारू हो सका, लेकिन तब तक लोगों को लंबा इंतजार झेलना पड़ा। उपभोक्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि गैस सप्लाई व्यवस्था में जल्द सुधार नहीं हुआ, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

विज्ञापन एक्सप्रेस