बदायूं
वजीरगंज पुलिस का बड़ा खुलासा: 6 साइकिल व इंडेन गैस सिलेंडर चोरी करने वाला शातिर चोर गिरफ्तार

बदायूं | दिनांक: 23 अप्रैल 2026
जनपद बदायूं के थाना वजीरगंज पुलिस द्वारा चोरी की घटनाओं का सफल अनावरण करते हुए एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूं के निर्देशानुसार, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के कुशल निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी बिसौली के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना वजीरगंज पुलिस ने मु0अ0सं0 116/26 धारा 303(2) BNS बनाम अज्ञात के मामले का खुलासा किया।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने आज दिनांक 23.04.2026 को ग्राम भगौल जाने वाले रास्ते पर स्थित एक पुराने बंद पड़े ईंट भट्ठे के पास झाड़ियों में साइकिलें इकट्ठा कर रहे अभियुक्त दीपक पुत्र नरेश निवासी ग्राम वीरमपुर, थाना वजीरगंज जनपद बदायूं को गिरफ्तार किया। अभियुक्त के कब्जे से 06 चोरी की साइकिलें (अलग-अलग कंपनियों की) एवं एक खाली इंडेन गैस सिलेंडर बरामद किया गया।
पूछताछ के दौरान अभियुक्त ने स्वीकार किया कि उसने दिनांक 12 एवं 16 अप्रैल 2026 को अलग-अलग स्थानों से चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया था। उसने वजीरगंज के एक कोचिंग सेंटर से 02 साइकिल, ग्रीन हाउस वजीरगंज से 01 साइकिल, बैंक ऑफ बड़ौदा (BOB) के सामने से 01 साइकिल तथा अन्य स्थानों से 02 साइकिल और एक गैस सिलेंडर चोरी किया था। इस प्रकार कुल 06 साइकिल व 01 इंडेन गैस सिलेंडर चोरी किए गए थे।
अभियुक्त की गिरफ्तारी एवं बरामदगी के आधार पर मुकदमा संख्या 116/26 में धारा 303(2) BNS के साथ धारा 317(2) BNS की बढ़ोतरी की गई है। गिरफ्तार अभियुक्त दीपक पुत्र नरेश को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेजा गया है।
अभियुक्त का आपराधिक इतिहास भी रहा है, जिसमें मु0अ0सं0 116/26 धारा 303(2)/317(2) BNS तथा मु0अ0सं0 0399/22 धारा 323/324/504/506 भादवि के मामले शामिल हैं।
इस पूरी कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उ0नि0 ब्रजपाल सिंह, का0 संजीव कुमार एवं का0 प्रविन्द्र कुमार थाना वजीरगंज जनपद बदायूं शामिल रहे।
केशव गुप्ता
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

