घर से बिना बताए निकला अधेड़ लापता, परिजनों ने दर्ज कराई गुमशुदगी
उघैती (बदायूं): थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम राजबरौलिया से एक 50 वर्षीय व्यक्ति के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला प्रकाश में आया है। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
ग्राम राजबरौलिया निवासी साहब सिंह पुत्र रामचन्द्र ने थाने में दी गई तहरीर में बताया कि उनके पिता रामचन्द्र उर्फ लाल पुत्र सुन्दर राम (उम्र लगभग 50 वर्ष) बीते 21 अप्रैल की शाम करीब 8 बजे बिना बताए घर से कहीं चले गए। काफी समय बीत जाने के बाद जब वह घर नहीं लौटे, तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। रिश्तेदारों और आसपास के क्षेत्रों में काफी खोजबीन करने के बाद भी उनका कोई सुराग नहीं लग सका।
परिजनों के अनुसार, लापता रामचन्द्र का रंग गेहुआं और कद मध्यम (करीब 5 फिट) है। उनके कान पर एक कटे का निशान है। घर से निकलते समय उन्होंने नीली पैंट, आसमानी रंग की शर्ट और पैरों में चप्पल पहन रखी थी।
थाना उघैती पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए गुमशुदगी दर्ज कर ली है। पुलिस ने सोशल मीडिया और कंट्रोल रूम के माध्यम से भी सूचना प्रसारित कर दी है। परिजनों ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी को इस हुलिए का व्यक्ति दिखाई दे, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।

badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

