9:46 am Tuesday , 21 July 2026
BREAKING NEWS

गुगौआ में क्रिकेट का रोमांच शुरू: उद्घाटन मुकाबले में घनसौली का दबदबा, बड़नोमी को दी करारी शिकस्त

गुगौआ में क्रिकेट का रोमांच शुरू: उद्घाटन मुकाबले में घनसौली का दबदबा, बड़नोमी को दी करारी शिकस्त

उघैती बदायूं।। क्षेत्र के ग्राम पंचायत गुगौआ के खेल मैदान पर बुधवार को क्रिकेट प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। पहले ही दिन बल्ले और गेंद के बीच जबरदस्त जंग देखने को मिली, जिसमें घनसौली की टीम ने अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर बड़नोमी को पटखनी देते हुए अगले दौर में जगह पक्की की।
मुख्य अतिथि ने शॉट खेलकर किया आगाज
टूर्नामेंट का विधिवत उद्घाटन मुख्य अतिथि ग्राम प्रधान मनीष गुप्ता ने फीता काटकर किया। इसके बाद उन्होंने खुद पिच पर उतरकर बल्लेबाजी की और एक शानदार शॉट खेलकर खिलाड़ियों का उत्साह दोगुना कर दिया। युवाओं को संबोधित करते हुए प्रधान मनीष गुप्ता ने कहा, “खेल केवल हार-जीत के लिए नहीं, बल्कि आपसी भाईचारे और अनुशासन को सीखने का माध्यम है। ग्रामीण अंचलों में ऐसी प्रतिभाएं छिपी हैं, जिन्हें सही मंच मिले तो वे देश का नाम रोशन कर सकते हैं।”
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी घनसौली की टीम ने आक्रामक रुख अपनाया। निर्धारित 12 ओवरों के खेल में घनसौली के बल्लेबाजों ने मैदान के चारों ओर चौकों-छक्कों की बरसात करते हुए 147 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। 148 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी बड़नोमी की टीम शुरुआत से ही दबाव में दिखी। घनसौली के गेंदबाजों की कसी हुई लाइन-लेंथ के सामने टीम ताश के पत्तों की तरह ढह गई और पूरी टीम महज 103 रनों पर सिमट गई।
घनसौली ने यह मुकाबला 44 रनों के बड़े अंतर से जीतकर टूर्नामेंट में अपनी शानदार शुरुआत की।
मैदान के चारों ओर आसपास के गांवों से आए दर्शकों की भारी भीड़ मौजूद रही। हर बाउंड्री पर लगने वाली तालियों और शोर ने खिलाड़ियों के जोश को चरम पर पहुंचा दिया।
इस अवसर पर आयोजन समिति के संयोजक सत्यम शंखधार, अमन ठाकुर, मंजीत, डॉ. नरेश, विशाल प्रताप सिंह और मनीष सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। आयोजन समिति ने बताया कि आने वाले दिनों में और भी रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे।

विज्ञापन एक्सप्रेस