इमलिया में बिजली संकट गहराया, जर्जर लाइन से चार दिन से ठप आपूर्ति; ग्रामीणों का प्रदर्शन
कुंवर गांव
कुंवर गांव इमलिया। गांव में खराब विद्युत व्यवस्था ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। जर्जर लाइन के चलते पिछले चार दिनों से बिजली आपूर्ति बंद है, जिससे नाराज ग्रामीण सड़क पर उतर आए और विरोध प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव की बिजली लाइन काफी समय से खस्ताहाल है, लेकिन विभाग द्वारा इसे ठीक कराने की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। नतीजतन मामूली खराबी भी लंबे समय तक बनी रहती है। इस बार भी चार दिन से पूरा गांव अंधेरे में है।

ग्राम प्रधान नरेश पाल ने कहा कि कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द आपूर्ति बहाल नहीं की गई तो आंदोलन तेज किया जाएगा। प्रदर्शन में शामिल सोनपाल, विजेंद्र, योगेंद्र पाल सिंह और अजयंत सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि बिजली न होने से पानी की समस्या बढ़ गई है और गर्मी में बच्चों व बुजुर्गों को काफी दिक्कत हो रही है।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार, लाइन में आई खराबी को ठीक करने के लिए टीम काम कर रही है और जल्द ही आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी, लेकिन ग्रामीण अब स्थायी समाधान की मांग कर रहे हैं।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

