ओलावृष्टि की मार: वजीरगंज में सैकड़ों बीघा गेहूं की फसल तबाह, अन्नदाता बेहाल
वजीरगंज, बदायूं।
बुधवार की दोपहर अचानक बदले मौसम ने किसानों पर कहर बरपा दिया। तेज बारिश के साथ हुई ओलावृष्टि ने वजीरगंज क्षेत्र में सैकड़ों बीघा गेहूं की फसल को भारी नुकसान पहुंचाया है। इस बेमौसम मार ने पहले से ही मेहनत और उम्मीदों के सहारे खड़े अन्नदाताओं को गहरी चिंता में डाल दिया है।
इस समय क्षेत्र में गेहूं की कटाई जोरों पर चल रही थी। कई किसानों की फसल कटकर खेतों में पड़ी थी, जो तेज बारिश के चलते पूरी तरह भीग गई। वहीं, जो फसल अभी खड़ी थी, उसे ओलों की मार ने बुरी तरह झकझोर दिया। खेतों में खड़ी सुनहरी फसल पलभर में जमीन पर बिछ गई, जिससे किसानों की महीनों की मेहनत पर पानी फिर गया।
ग्रामीणों के अनुसार, ओलों का आकार काफी बड़ा था और करीब आधे घंटे तक लगातार ओलावृष्टि व बारिश होती रही। इससे गेहूं की बालियां टूटकर गिर गईं और दानों को भी भारी क्षति पहुंची है। किसानों का कहना है कि अब फसल से लागत निकाल पाना भी मुश्किल नजर आ रहा है।
अन्नदाताओं का दर्द साफ झलक रहा है। उनका कहना है कि एक ओर महंगी खाद-बीज और सिंचाई का खर्च, दूसरी ओर प्राकृतिक आपदा ने उनकी कमर तोड़ दी है।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

