6:45 am Monday , 20 July 2026
BREAKING NEWS

तेज आंधी संग बरसे बादल…किसानों की उम्मीदों पर फिरा पानी, गेंहू की फसलें डूबीं

तेज आंधी संग बरसे बादल…किसानों की उम्मीदों पर फिरा पानी, गेंहू की फसलें डूबीं।

उझानी-बदांयू 4 अप्रैल।

इस बार लगातार बिगड़ रहा मौसम किसानों के लिए मुसीबत लेकर आ रहा है। शुक्रवार रात तेज हवा और बारिश के चलते ,गेहूं की कटी फसल भीग गई, जो फसल खेतों में खड़ी थी उसकी बालियां बारिश की मार से टूटकर गिर गई। इस आंधी बारिश ने किसानों की उम्मीद पर पानी फेर दिया।

शहर से लेकर देहात क्षेत्र में 40 से लेकर 50 मिनट तक जमकर बारिश हुई। इससे किसानों की पकी खड़ी गेहूं की फसल को काफी नुकसान हुआ है। दो सप्ताह से लगातार बिगड़ रहे मौसम के चलते किसान अपनी गेंहू की फसल को दिन-रात लगकर झट-पट काटने में लगा था।

किसानों का कहना है कि गेहूं की फसल पक कर तैयार है। फसल की बालियां टूटकर जमीन पर गिर गईं हैं। इससे गेहूं के दाने की गुणवत्ता खराब होगी और पैदावार पर भी भारी असर पड़ेगा। भूसा भी काला पड़ जाएगा।

भाकियू भानु के जिलाध्यक्ष अतुल तोमर, अनिल ठाकुर ने जिला प्रशासन से तत्काल सर्वे शुरू करा कर किसानों को मुआवजा देने की मांग उठाई है।

आंधी बारिश इतनी तेज थी कि हाइवे पर वाहनों का आवागमन थम गया। लोगों ने रुक कर खुद को सुरक्षित किया।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार शनिवार को भी गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। इसके बाद सात और आठ अप्रैल को भी बारिश की संभावना है। मई के शुरुआत से मौसम सामान्य होने के आसार हैं।

बारिश से गिरे खंभे, चरमराई विद्युत आपूर्ति

अचानक हुई बारिश से शुक्रवार रात से बिजली आपूर्ति लड़खड़ा गई। पूरे शहर में रात 11 से आपूर्ति ठप रही। आज सुबह कुछ एक मोहल्लों की बिजली शुरू हो गई है।

विज्ञापन एक्सप्रेस