11:00 am Sunday , 19 July 2026
BREAKING NEWS

बिसौली! हनुमान जन्मोत्सव में उमड़ा आस्था का सैलाब

जयकारों से गूंजा बिसौली! हनुमान जन्मोत्सव में उमड़ा आस्था का सैलाब, भक्ति में डूबा पूरा नगर।

बिसौली(बदायूं) नगर में श्री हनुमान जन्मोत्सव इस बार दो दिन तक भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। श्री सुंदरकांड आयोजन समिति बिसौली द्वारा 23वें श्री हनुमान जन्मोत्सव के तहत गुरुवार शाम को अग्रवाल धर्मशाला में भव्य सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया, जबकि शुक्रवार को नगर में श्री हनुमानजी की भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसने पूरे नगरवासियों को भक्तिमय बना दिया।


धार्मिक कार्यक्रम में श्रीसुंदरकांड पाठ के साथ श्रीहनुमान चालीसा, श्रीहनुमानाष्टक और श्रीबजरंग बाण का सामूहिक पाठ हुआ। भजनों की मधुर स्वर लहरियों पर श्रद्धालु झूम उठे और पूरा वातावरण रामभक्ति में रंग गया। आरती के समय श्रद्धालुओं की आस्था में अलग ही भक्तिभाव दिखा, जिसके बाद प्रसाद वितरण किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति ने इसे एक भव्य धार्मिक आयोजन बना दिया।
वहीं शुक्रवार को निकाली गई श्री हनुमानजी की शोभायात्रा ने पूरे नगर को उत्सव में तब्दील कर दिया। सुसज्जित झांकियों और भक्ति गीतों के साथ निकली यह यात्रा जैसे ही नगर के विभिन्न मार्गों से गुजरी, जगह-जगह श्रद्धालुओं ने फूलों की वर्षा कर जोरदार स्वागत किया। जय श्री राम और बजरंगबली की जय के उद्घोष से वातावरण गूंज उठा।
शोभायात्रा में महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों की भारी भागीदारी देखने को मिली। हर गली और चौराहे पर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा, जिससे पूरा बिसौली हनुमानमय नजर आया।
बिसौली में दो दिनों तक चला यह हनुमान जन्मोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम बनकर यादगार बन गया।

विज्ञापन एक्सप्रेस