8:20 am Sunday , 19 July 2026
BREAKING NEWS

चापरकौरा पुख्ता–करणपुर पुख्ता मार्ग निर्माण में अनियमितताओं का आरोप, जांच की मांग तेज

बदायूं

चापरकौरा पुख्ता–करणपुर पुख्ता मार्ग निर्माण में अनियमितताओं का आरोप, जांच की मांग तेज

केशव गुप्ता

जनपद बदायूं के अंतर्गत ग्राम पंचायत चापरकौरा पुख्ता से करणपुर पुख्ता तक बन रही सड़क का निर्माण कार्य इन दिनों सवालों के घेरे में आ गया है। यह निर्माण कार्य पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा कराया जा रहा है, लेकिन स्थानीय लोगों और किसान संगठनों ने इसमें भारी अनियमितताओं के आरोप लगाए हैं।
बताया जा रहा है कि सड़क निर्माण में मानकों के विपरीत बालू और अन्य निर्माण सामग्री का प्रयोग किया जा रहा है। आरोप है कि ठेकेदार और पीडब्ल्यूडी के कुछ कर्मचारी आपसी मिलीभगत से घटिया सामग्री का उपयोग कर रहे हैं, जिससे सड़क की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। इससे न केवल सरकारी धन का दुरुपयोग हो रहा है, बल्कि क्षेत्र के किसानों, मजदूरों और आम नागरिकों के साथ भी अन्याय हो रहा है।
इस पूरे मामले को भारतीय किसान यूनियन अन्नपूर्णा ने गंभीरता से लेते हुए शासन-प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया है। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री सुखपाल सिंह सूर्यवंशी एवं जिला अध्यक्ष अरविंद कुमार सूर्यवंशी (बदायूं) ने मांग की है कि इस मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषी ठेकेदारों व अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
संगठन के अन्य पदाधिकारियों—जिला उपाध्यक्ष ओमेंद्र सिंह सूर्यवंशी, जिला मंत्री अनिल कुमार यादव उर्फ माला भैया, जिला कोषाध्यक्ष अनिल कुमार सूर्यवंशी, जिला महासचिव रणजीत पंडित, जिला कार्यकारी सदस्य भानु यादव, ब्लॉक अध्यक्ष राहुल सूर्यवंशी (जगत), अंकित यादव (दातागंज), विजय सिंह सूर्यवंशी (कादर चौक), देशपाल सूर्यवंशी (सलारपुर), तहसील अध्यक्ष पुष्पेंद्र राठौर, तहसील उपाध्यक्ष हरवीर यादव, तहसील महासचिव सुनील यादव, तहसील सचिव पान सिंह यादव सहित अन्य ग्राम स्तरीय पदाधिकारियों ने भी इस मुद्दे पर कड़ा विरोध जताया है।
किसान यूनियन ने स्पष्ट रूप से कहा है कि जब तक पूरे मामले की जांच नहीं हो जाती, तब तक सड़क निर्माण कार्य को तत्काल प्रभाव से रोका जाए। जांच के बाद ही पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित करते हुए निर्माण कार्य पुनः शुरू किया जाए।
संगठन ने केंद्र और राज्य सरकार से अपील की है कि ऐसे भ्रष्टाचार में लिप्त कर्मचारियों और ठेकेदारों पर कड़ी निगरानी रखी जाए और उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
अंत में संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में नारा लगाया—
“जय जवान, जय किसान”
“मजदूर एकता जिंदाबाद”
“भारतीय किसान यूनियन अन्नपूर्णा जिंदाबाद”

विज्ञापन एक्सप्रेस