श्री रघुनाथ जी (पंजाबी) मंदिर में आज




अत्यंत श्रद्धा, उत्साह एवं धूमधाम के साथ मनाया गया। सुबह से ही मंदिर परिसर भक्तों की भीड़ से गुलजार रहा और पूरे दिन भक्ति एवं उल्लास का वातावरण बना रहा।
आज कार्यक्रमों की शुरुआत श्री रामचरितमानस जी के नवपारायण पाठों के विश्राम से हुई। इसके उपरांत पाठ करने वाली माताओं एवं बहनों को सम्मानित करते हुए पुरस्कार वितरण किया गया। बाद में आयोजित हरिनाम संकीर्तन में श्रद्धालु भक्तों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और परम श्रद्धेय किशोरी शरण (अमन मिश्री) जी महाराज के मधुर भजनों पर भक्तजन भाव-विभोर होकर झूमते नजर आए।
मध्याह्न ठीक 12 बजे जैसे ही श्री राम लला प्रकट हुए, मंदिर परिसर जय श्री राम के जयघोष से गुंजायमान हो उठा। इस अवसर पर बधाई गीत गाए गए और श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे को श्री राम जन्मोत्सव की शुभकामनाएं दीं।
श्री सनातन धर्म सभा के मीडिया प्रभारी हेमंत कुमार दुआ ने बताया कि इस पावन अवसर पर एस.पी. सिटी बदायूं सहित नगर विधायक महेश चंद्र गुप्ता भी मंदिर पहुंचे और प्रभु के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। महाआरती एवं संकीर्तन के पश्चात श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरण किया गया।
उत्सव की कड़ी में आज शहर में भव्य शोभायात्रा का भी आयोजन किया जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के सम्मिलित होने की संभावना है। पूरे नगर में श्री राम जन्मोत्सव को लेकर उत्साह का माहौल बना हुआ है।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

