।
बदांयू 15 मार्च।
बदांयू सहित देहात क्षेत्र में देर रात से चल रही तेज हवाओं के साथ आज हुई हल्की बारिश के कारण किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचा है। कई इलाकों में गेहूं की फसल गिरकर बिछ गई है, जबकि सरसों पर भी इसका व्यापक असर पड़ा है।
अचानक बदले मौसम से किसान काफी चिंतित दिखाई दे रहे हैं। क्षेत्र के किसानों के अनुसार तेज हवाओं के कारण गेहूं की फसल खेतों में गिर गई है। इस समय गेहूं की फसल पकने की स्थिति में है, ऐसे में फसल के बिछ जाने से दाना पतला होने की आशंका बढ़ गई है, जिससे पैदावार में भारी कमी आ सकती है। किसानों का कहना है कि यदि मौसम इसी तरह बना रहा तो गेहूं की उपज आधी तक रह सकती है। वहीं सरसों की फसल भी पूरी तरह पक चुकी थी। कुछ किसानों ने सरसों की कटाई कर ली थी, जबकि कई खेतों में अभी कटाई बाकी थी।
बारिश के कारण खेतों में कटी पड़ी सरसों भीग गई है, जिससे दाने खराब होने का खतरा बढ़ गया है। वहीं जिन खेतों में अभी सरसों की कटाई नहीं हुई वहां भी नुकसान से इंकार नहीं किया जा सकता।
किसानों का कहना है कि यदि इसी तरह लगातार बारिश और तेज हवाओं का सिलसिला जारी रहा तो खेतों में खड़ी गेंहू की फसलें गिर जाएगी।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

