बिसौली। यूपी बोर्ड की हाई स्कूल तथा इंटरमीडिएट परीक्षा पहले दिन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। परीक्षार्थी निर्धारित समय पर केंद्रों पर पहुंच गए थे। परीक्षार्थियों में परीक्षा को लेकर काफी उत्साह भी देखा गया। परीक्षा के दौरान प्रशासन की पैनी नजर रही। नगर के मदनलाल इंटर कालेज, जीजीआईसी, रामशरण वैद्य आदर्श इंटर कॉलेज मई-बसई आदि में बोर्ड परीक्षा के पहले दिन हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट हिंदी की परीक्षा सीसीटीवी कैमरों की कड़ी निगरानी में निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई। परीक्षा प्रारंभ होने से पूर्व आंतरिक उड़ाका दल में रामाधार शर्मा, सुधाकर शर्मा व रेनू कुमारी द्वारा परीक्षार्थियों की सघन तलाशी ली गई, साथ ही परीक्षा संबंधी आवश्यक निर्देश भी दिए गए। केंद्र व्यवस्थापक डॉ घनश्याम दास के अनुसार सुबह की पाली में हाईस्कूल हिंदी के 505 परीक्षार्थी पंजीकृत थे जिसमें 90 ने परीक्षा छोड़ी। वहीं दूसरी पाली में इंटरमीडिएट हिंदी एवं सामान्य हिंदी के 470 परीक्षार्थी पंजीकृत थे जिसमें 100 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ी। दोनों पालियों में मिलाकर 190 परीक्षार्थी परीक्षा से नदारद रहे। केंद्र व्यवस्थापक ने बताया कि अच्छे माहौल में निष्पक्ष एवं नकलविहीन परीक्षा कराना उनकी प्राथमिकता है। केंद्र पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट सचिन कुमार विपणन निरीक्षक बदायूं, बाह्य केंद्र व्यवस्थापक विष्णु कांत, परीक्षा प्रभारी विपिन शर्मा, सह प्रभारी हरदीप सिंह, कंप्यूटर ऑपरेटर अमित पाराशरी आदि उपस्थित रहे। परीक्षा के दौरान केंद्र पर भारी पुलिस बल तैनात रहा।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

