10:10 pm Monday , 20 July 2026
BREAKING NEWS

बदलती दिनचर्या ओर खान-पान से बढ़ रहे रक्तचाप व शुगर के रोगी

उझानी-बदांयू 16 फरवरी।

मौसम में बदलाव और सर्दी कम होने के बावजूद रक्तचाप और शुगर के मरीजों की संख्या में कोई खास कमी नहीं आ रही है। सीएचसी में रोजाना बड़ी संख्या में ऐसे मरीज जांच के लिए पहुंच रहे हैं।

चिकित्सकों का कहना है कि खानपान में लापरवाही, अनियमित दिनचर्या और बदलती जीवनशैली के कारण ऐसे मरीजों की संख्या बढ़ रही है। ऐसे में समय-समय पर जांच कराते और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की जरूरत है।

सीएचसी में रोजाना करीब 40 से अधिक मरीज शुगर व रक्तचाप की जांच कराने के लिए पहुंच रहे हैं। अधीक्षक डॉ. सर्वेश कुमार ने बताया कि सर्दी कम होने के बाद भी इन बीमारियों के मरीजों में कमी नहीं आई है। बदलते खान-पान, जंक फूड का ज्यादा सेवन, शारीरिक व्यायाम की कमी और सुस्त दिनचर्या इसके प्रमुख कारण बन रहे हैं।

उन्होंने कहा कि अधिक नमक और असंतुलित भोजन से रक्तचाप बढ़ने की समस्या सामने आ रही है। ऐसी बीमारियों से बचाव के लिए समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराएं, नियमित व्यायाम करें और संतुलित भोजन अपनाएं। उन्होंने बताया कि स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर ही उच्च रक्तचाप और शुगर जैसी समस्याओं से बचा जा सकता है।
………….

इन बातों का रखें ध्यान- ज्यादा तेल-मसाले और चिकनाई वाला खाना कम खाएं।
रोज सुबह हल्का व्यायाम या टहलना जरूर करें।
भोजन में नमक की मात्रा सीमित रखें।
धूम्रपान, तंबाकू और नशे से दूर रहें।
तबीयत ज्यादा खराब लगे तो तुरंत डॉक्टर से सलाह लें।

राजेश वार्ष्णेय एमके

विज्ञापन एक्सप्रेस