वजीरगंज, बदायूं
महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर नगर वजीरगंज सहित आसपास का पूरा क्षेत्र हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष से गूंज उठा। शिवभक्ति के रंग में रंगे कांवड़ियों के जत्थे हरिद्वार एवं मां भागीरथी के पावन तट कछला से गंगाजल लेकर नगर के प्राचीन एवं ऐतिहासिक भोला धाम शिव मंदिर पहुंचे, जहां विधि-विधान से भगवान शिव का जलाभिषेक किया गया।
सुबह से ही शिवालयों में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं। नगर व ग्रामीण क्षेत्र से आए हजारों शिव भक्तों ने भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना कर अपने परिवार की सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना की। मंदिर परिसर में भक्तों की संख्या इतनी अधिक रही कि लगभग 200 मीटर दूर तक चार-चार लाइन में बैरिकेडिंग कर श्रद्धालुओं को दर्शन कराए गए।
प्राचीन शिव मंदिर पर उमड़ी यह भीड़ श्रद्धा, विश्वास और आस्था का अद्भुत दृश्य प्रस्तुत कर रही थी। शिव भक्त भस्म, बेलपत्र, धतूरा और गंगाजल अर्पित कर भावविभोर नजर आए। हर ओर भक्ति का ऐसा वातावरण था मानो स्वयं देवाधिदेव महादेव अपनी कृपा बरसा रहे हों।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं व्यवस्था को लेकर वजीरगंज प्रभारी निरीक्षक सुरेंद्र सिंह अपनी पुलिस टीम के साथ पूरे समय मुस्तैद रहे। पुलिस प्रशासन द्वारा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से दर्शन संपन्न कराए गए, जिससे श्रद्धालुओं ने प्रशासन की व्यवस्थाओं की सराहना की।

महाशिवरात्रि का यह पर्व वजीरगंज क्षेत्र में भक्ति, आस्था और सामाजिक समरसता का जीवंत उदाहरण बनकर सामने आया, जहां हर वर्ग, हर आयु के लोग भोलेनाथ की भक्ति में एकजुट दिखाई दिए।
वजीरगंज से — अनुराग मिश्रा
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

