वजीरगंज, बदायूं।
विकासखंड वजीरगंज के गांव रेहडिया स्थित शोभाराम शाक्य हायर सेकेंडरी स्कूल में हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट के छात्र-छात्राओं के लिए परीक्षा से पूर्व भव्य फेयरवेल समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रेहडिया पुलिस चौकी प्रभारी मनोज कुमार धामा ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में अनुशासन सबसे बड़ा गुण है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे आगामी बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी पूरे आत्मविश्वास, एकाग्रता और निडरता के साथ करें। वहीं रानेट चौकी प्रभारी तिलक राम ने छात्रों को तनावमुक्त रहकर परीक्षा देने की सीख दी और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।
फेयरवेल समारोह के दौरान छात्राओं ने स्वागत गीत, नृत्य एवं अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से वातावरण को उल्लासपूर्ण बना दिया। विद्यालय परिवार की ओर से छात्र-छात्राओं एवं अतिथियों के लिए भोजन की भी उत्तम व्यवस्था की गई, जिससे सभी के चेहरे खिल उठे।
इस अवसर पर विद्यालय के संस्थापक अध्यक्ष एवं पूर्व अध्यापक दुलाराम शाक्य, प्रधानाचार्य अनेक पाल सिंह, शिक्षक देवेश यादव, दीपेंद्र कुमार, देवेंद्र कुमार, अनुज, प्रियंका कुमारी, निशा कुमारी सहित अनेक ग्रामीणजन मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन प्रेरणादायक वातावरण में हुआ, जो विद्यार्थियों के लिए यादगार बन गया।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

