उझानी- जजपुरा गांव में आंबेडकर की प्रतिमा लगाने को लेकर विवाद, प्रधानपति पर आरोप
।
उझानी बदांयू 2 फरवरी।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम जजपुरा के ग्रामीणों ने प्रधानपति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। ग्रामीणों का आरोप है कि प्रधानपति ग्राम समाज की मुख्य आम रास्ते की जमीन पर बाबा साहब भीमराव आंबेडकर की मूर्ति स्थापित करने का प्रयास कर रहे हैं, जिससे गांव का सौहार्द बिगड़ने की आशंका है।
शिकायती पत्र में विशु, सुनील, राजीव, राकेश सिंह, सोनू सिंह, अनुज कुमार सिंह सहित अन्य ग्रामीणों ने कहा है कि प्रधानपति बादामसिंह पुत्र देवी और रक्षपाल पुत्र बमानीराम अपने समाज को उकसाकर यह नई परंपरा डालने की कोशिश कर रहे हैं। यह प्रयास ग्राम सभा की जमीन पर किया जा रहा है।
ग्रामीणों की शिकायत पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने प्रधानपति को बुलाकर घटना के संबंध में जानकारी ली। पूछताछ के दौरान प्रधानपति ने बताया कि यह जगह ग्राम समाज की है।
इस पर इंस्पेक्टर क्राइम गुड्डू सिंह ने प्रधानपति को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे इस जगह पर कोई भी नई परंपरा शुरू न करें। उन्होंने कहा कि यदि बाबा साहब भीमराव अंबेडकर की मूर्ति स्थापित करनी है, तो पहले उच्चाधिकारियों से लिखित में अनुमति प्राप्त करें।
हल्का इंचार्ज रविंद्र सिंह ने बताया कि ग्रामीणों को समझा दिया गया है। ग्राम समाज की जगह पर लगा अवैध बोर्ड भी हटवा दिया गया है। फिलहाल, गांव में पूर्ण रूप से शांति कायम है।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
