मकर संक्रांति के पावन अवसर पर नगर कुंवरगांव में श्रद्धा, सेवा और सामाजिक समरसता का अनूठा संगम देखने को मिला। पर्व के मौके पर नगर के विभिन्न स्थानों पर खिचड़ी, सब्जी व पूरी महाप्रसाद भंडारों का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
मिली जानकारी के अनुसार 15 जनवरी को प्रातः 11:30 बजे से भंडारों का शुभारंभ हुआ। नगर के सर्राफा बाजार के अलावा रामलीला ग्राउंड, मुख्य चौराहा, बिजली घर तथा नगर की अन्य कई जगहों पर भंडारे आयोजित किए गए। इन भंडारों में नगर व आसपास के क्षेत्रों से आए सैकड़ों-हजारों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।
मकर संक्रांति के दिन खिचड़ी प्रसाद का विशेष धार्मिक महत्व माना जाता है। मान्यता है कि इस दिन दान-पुण्य और प्रसाद ग्रहण करने से पुण्य की प्राप्ति होती है तथा जीवन में सुख-समृद्धि आती है। इसी भावना के साथ नगरवासियों द्वारा सामूहिक रूप से यह आयोजन किया गया।
आयोजनकर्ताओं ने बताया कि भंडारों की सभी तैयारियां एक दिन पहले ही पूरी कर ली गई थीं। उन्होंने कहा कि इन आयोजनों का उद्देश्य धार्मिक परंपराओं के साथ-साथ समाज में भाईचारा, सहयोग और सेवा की भावना को मजबूत करना है। जरूरतमंदों एवं आमजन को एक साथ प्रसाद ग्रहण कराना इस पर्व की विशेषता रही।
रिपोर्टर अनुज रस्तोगी कुंवर गाँव



badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

