दावत में आए मेहमानों से मारपीट, दो महिलाओं समेत चार घायल
बिल्सी। कोतवाली क्षेत्र के बधौली गांव में दावत में शामिल होने आए लोगों के साथ गांव के दबंगों ने लाठी-डंडों से मारपीट कर दी। इस घटना में दो महिलाओं समेत चार लोग घायल हो गए। पीड़ित पक्ष की ओर से मामले की शिकायत पुलिस से की गई है, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। क्षेत्र के बधौली गांव निवासी नन्हेंलाल ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि उनके घर पर एक पारिवारिक कार्यक्रम आयोजन था। कार्यक्रम में कादरचौक थाना क्षेत्र और फिरोजाबाद जनपद से रिश्तेदार दावत में शामिल होने आए थे। इसी दौरान गांव के कुछ दबंग शराब के नशे में पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। मारपीट में उर्मिला, राजकुमारी, नेत्रपाल और वीरेंद्र घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस हरकत में आ गई। इस संबंध में क्राइम इंस्पेक्टर वीके मौर्य ने बताया कि मौके पर जाकर पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद दोषियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

