।
एपीएस स्कूल के मैदान में जुटी जबरदस्त भीड़
उझानी- बदांयू एक्सप्रेस 5 जनवरी 2026।
आज केन्द्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा ने पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यपाल कल्याण सिंह की जयंती पर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की। इस अवसर पर श्री वर्मा ने कहा कि उप्र में सुशासन के संस्थापक श्रीराम मंदिर आंदोलन के अग्रदूत, राजस्थान के पूर्व राज्यपाल एवं यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह ‘बाबूजी’ का समाज के पुनर्निर्माण में अविस्मरणीय योगदान है।
केन्द्रीय राज्यमंत्री ने कहा कि मेरे राजनीतिक गुरु कल्याण सिंह भारत मां के महान सपूत, राष्ट्रभक्त व रामभक्त थे। 1932 में अलीगढ़ के एक छोटे से गांव में आज ही के दिन सामान्य किसान परिवार में उनका जन्म हुआ था। बाल्यकाल से ही देश की आजादी की लड़ाई को देखने, स्वतंत्रता के बोध व भावी भारत के निर्माण में हमारी क्या भूमिका होगी, इन संस्कारों से ओतप्रोत बालक कल्याण सिंह ने उस समय राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की सामान्य शाखा से लेकर आगे के कार्यक्रमों के माध्यम से खुद को राष्ट्रभक्ति के सांचे में ढाला था। आज में जो हूं बाबूजी की देन है।



विधायक हरीश शाक्य ने कहा कि किसान, शिक्षक, 1977 में प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री, विधायक, सांसद, दो बार प्रदेश के मुख्यमंत्री व दो राज्यों के राज्यपाल के रूप में उनकी कार्यकुशलता, कर्मठता व प्रशासनिक क्षमता की दक्षता को हर किसी ने स्वीकार किया।


एपीएस इंटरनेशनल स्कूल के मैदान पर आयोजित जयंती मे बोलते हुए पूर्व मंत्री विमल कृष्ण अग्रवाल ने कहा कि सत्ता के लिए लोग सिद्धांतों की तिलांजलि दे देते हैं। कुछ प्राप्त करने के लिए मूल्यों के साथ समझौता करते हैं, लेकिन कल्याण सिंह जैसे व्यक्तित्व ने मूल्यों व सिद्धांतों के साथ कभी समझौता नहीं किया।
सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने कहा कि रामजन्मभूमि आंदोलन और उसके बाद भी प्रदेश की राजनीति को नई दिशा देने, प्रशासनिक दक्षता को परिपूर्ण करने के लिए उनके द्वारा 1990 के दशक के प्रारंभ व उत्तरार्ध में जो प्रयास प्रारंभ किए गए थे, वह नए उत्तर प्रदेश का दर्शन कराते हैं।
केन्द्रीय राज्यमंत्री श्री वर्मा ने कहा कि पं. दीनदयाल उपाध्याय के जिस एकात्म मानववाद को उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की पाठशाला में सीखा था, उसे धरातल पर भी उतारा। अन्नदाता किसानों के लिए घोषित योजनाएं हों, नकल विहीन परीक्षा के माध्यम से उप्र के युवाओं के भविष्य को उज्ज्वल करने के उनके द्वारा चलाया गया अभियान भी अनुकरणीय है।
उन्होंने कहा कि 21 अगस्त 2021 को वे भौतिक काया से हमारे बीच नहीं रहे, लेकिन उनका मार्गदर्शन शासन-प्रशासन के लिए आज प्रेरणा देता है। जिस नए उत्तर प्रदेश के निर्माण के लिए उन्होंने अपना जीवन लगाया, उसके लिए हम सब मिलकर कार्य करें।
इस मौके पर केन्द्रीय राज्यमंत्री के पुत्र प्रभात राजपूत , हर्षवर्धन राजपूत, नगराध्यक्ष सचिन अग्रवाल ने आगंतुकों का स्वागत किया। इस अवसर पर दिव्यांग लोगों को ट्राई साइकिल भी भेंट की गई। कार्यक्रम को भाजपा के पूर्व सांसद धर्मेन्द्र कश्यप, जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता,एमएलसी वागीश पाठक, पूर्व एमएलसी जितेंद्र यादव, जिलापंचायत अध्यक्षा बर्षा यादव आदि ने भी संबोधित किया। शंकर गुप्ता, संजीव गुप्ता, अमित प्रताप सिंह, योगेश प्रताप सिंह, संदीप सक्सेना, कार्तिक अग्रवाल, शिवकिशोर माहेश्वरी, राहुल शंखधार आदि मौजूद रहे। संचालन दिवाकर वर्मा एडवोकेट ने किया।
राजेश वार्ष्णेय एमके।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
