10:17 pm Sunday , 19 July 2026
BREAKING NEWS

हाइटेंशन लाइन की चपेट में आया राजकीय पक्षी सारस, संरक्षण व्यवस्था पर सवाल

कुंवरगांव। चकोलर–दुगरैया गांव के बीच मंगलवार को उत्तर प्रदेश के राजकीय पक्षी सारस के हाइटेंशन विद्युत लाइन से टकराकर घायल होने की घटना सामने आई, जिसने वन्यजीव संरक्षण व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। विद्युत लाइन की चपेट में आने से सारस गंभीर रूप से घायल हो गया और काफी समय तक सड़क किनारे तड़पता रहा।

सुबह के समय राहगीरों की नजर घायल सारस पर पड़ी, जिसके बाद आसपास के गांवों में इसकी सूचना फैल गई। ग्रामीणों के अनुसार, वन विभाग को घटना की जानकारी सुबह ही दे दी गई थी, लेकिन काफी देर तक कोई अधिकारी या कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा।

इस बीच चकोलर गांव निवासी जुगेंद्र और राजेश वर्मा ने मानवीय संवेदनशीलता दिखाते हुए घायल सारस को सड़क से हटाकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। ग्रामीण घंटों तक उसकी देखरेख करते रहे और उसकी बिगड़ती हालत को लेकर चिंतित बने रहे।

काफी समय बाद वन विभाग के वन दरोगा मथुरा प्रसाद टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और घायल सारस को उपचार के लिए सालारपुर स्थित पशु चिकित्सालय भिजवाया। पशु चिकित्सालय में विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में सारस का उपचार शुरू किया गया, जहां उसकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

रिपोर्टर अनुज रस्तोगी कुंवरगाँव

 

विज्ञापन एक्सप्रेस