2:22 pm Saturday , 1 August 2026
BREAKING NEWS

बदांयू – घने कोहरे से जनजीवन प्रभावित, दृश्यता कम होने से सड़कों पर खतरा, हाईवे पर रेंग रहे वाहन

उझानी- बदांयू एक्सप्रेस 23 दिसंबर।

पश्चिमी उत्तर प्रदेश सहित बदांयू में घने कोहरे का सिलसिला लगातार जारी है। सोमवार तड़के से ही कोहरे की घनी चादर छाई रहने के कारण सामान्य जनजीवन प्रभावित हो रहा है। सड़कों पर दृश्यता कम होने से आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
घने कोहरे के चलते हाइवे, मुख्य मार्गों और ग्रामीण सड़कों पर वाहन चालकों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। कई स्थानों पर दृश्यता 30 से 50 मीटर तक सिमट गई, जिससे वाहनों की गति धीमी रही और जाम की स्थिति बनी रही।

बढ़ती ठंड और दिनभर धूप न निकल पाने से ठिठुरन और बढ़ गई है। तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे बुजुर्गों, बच्चों और बीमार व्यक्तियों को विशेष परेशानी हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में अत्यधिक घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। फिलहाल कोहरे से राहत मिलने के कोई स्पष्ट संकेत नहीं हैं।

प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे फॉग लाइट का प्रयोग करें, सुरक्षित दूरी बनाए रखें और अत्यधिक सावधानी के साथ वाहन चलाएं। साथ ही आमजन से ठंड से बचाव के लिए आवश्यक एहतियात बरतने की अपील की गई है।

मौसम वैज्ञानिक का कहना है कि आगामी 24 से 48 घंटे तक घना कोहरा छाया रहेगा, ठंड से बचाव का ध्यान रखें, जरूरतमंद लोग ही घरों से बाहर निकलें, मॉर्निंग वॉक बंद कर दें।

राजेश वार्ष्णेय एमके

विज्ञापन एक्सप्रेस