3:42 pm Saturday , 1 August 2026
BREAKING NEWS

बदांयू हाइवे पर दृश्यता शून्य ठंड कोहरे से कांपे लोग

बदांयू 22 दिसंबर।

उत्तराखंड, जम्मू व हिमाचल की पहाड़ियों पर तेज बर्फबारी की वजह से अगले 48 घंटे में बदांयू सहित पश्चिम यूपी के अधिकांश क्षेत्रों में 15 से 20 किमी की रफ्तार से बर्फीली हवाएं चलने की संभावना है।

ऐसे में शीत लहर का प्रकाेप और बढ़ सकता है। रविवार को रात में घने कोहरे के बीच न्यूनतम पारा 6.4 डिग्री और अधिकतम 18.4 डिग्री सेल्सियस रिकाॅर्ड किया गया।

शाम छह बजे शहर में अधिकांश स्थानों पर दृश्यता 70 मीटर तक रहीं जबकि रात को 9 बजे यह 50 मीटर तक रह गई। शहर से गुजरने वाले हाईवे पर कई जगहों पर दृश्यता शून्य दर्ज हुई।

माैसम विशेषज्ञ के अनुसार, अगले 24 घंटे तक कोहरे का रेड अलर्ट बदांयू सहित आसपास के जिलों में प्रभावी रह सकता है।

पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म होने की वजह से उत्तर पश्चिमी हवाओं का सिलसिला अब तेज होगा, जिससे शीतलहर बढ़ेगी। यह सिलसिला अगले एक सप्ताह तक चल सकता है। माैसम विभाग के पूर्वानुमान को देखते हुए जिला प्रशासन की ओर से भी बचाव के लिए एडवाइजरी जारी की गई है।

जिला प्रशासन की ओर से जारी एडवाइजरी में कहा गया है कि कोयले की अंगीठी, मिट्टी तेल का चूल्हा, हीटर या ब्लोवर का उपयोग करते समय विशेष सावधानी बरतें। कमरे में हवा आने जाने की व्यवस्था जरूर रखें। शरीर को सूखा रखना आवश्यक है, गीले कपड़े तुरंत बदल लें। इसी तरह कई परतों वाले ऊनी कपड़े, स्वेटर, टोपी, मफलर आदि शीतलहर के प्रभाव को कम करने में सहायक होते हैं। छोटे बच्चों और बुजुर्गों को घर के भीतर ही रखें। पोषक आहार और गर्म पेय पदार्थों का सेवन करें।

जिलाधिकारी ने हाइपोथर्मिया के लक्षणों पर भी ध्यान दिलाया। बताया कि शरीर का असामान्य तापमान, भ्रम या स्मृति हानि, बेहोशी, अत्यधिक ठिठुरन, सुस्ती, थकान या तुतलाहट जैसे लक्षण दिखने पर तुरंत नजदीकी अस्पताल से संपर्क करें। इसी तरह शीतलहर की स्थिति में हाथ-पैर की उंगलियों, कान या नाक का सुन्न पड़ना अथवा सफेद या पीले रंग के दाग उभरने पर भी तत्काल चिकित्सकों की सलाह लें।

विज्ञापन एक्सप्रेस