9:15 am Monday , 20 July 2026
BREAKING NEWS

बिसौली में दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर

महिला सहित चार घायल, थानाध्यक्ष ने पहुंचाया अस्पताल

बिसौली के फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र में एमएफ हाईवे पर दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में एक महिला सहित चार लोग घायल हो गए । क्षेत्र में भ्रमण को जा रहे थानाध्यक्ष हादसे के तुरंत बाद मौके पर पहुंचे और अपनी सरकारी जीप से घायलों को अस्पताल भेजा ।

यह घटना आज शाम लगभग पांच बजे हुई। एक बाइक पर बजीरगंज थाने के मानकपुर निवासी करन (पुत्र देवेंद्र मौर्या) और सोनू (पुत्र चंद्रपाल) नोएडा जा रहे थे। दूसरी बाइक पर जनपद संभल के कन्हैया नगला निवासी लालाराम (पुत्र छोटे लाल) अपनी पत्नी मोनिका और दो बच्चों काव्या व आयुष के साथ बिसौली की ओर आ रहे थे।

परमानंदपुर गांव के पास एमएफ हाईवे पर दोनों बाइकों की आमने-सामने भीषण टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार सभी लोग दूर जा गिरे और घायल हो गए। गनीमत रही कि बच्चों को गंभीर चोटें नहीं आईं। हालांकि, महिला सहित दोनों बाइकों पर सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

क्षेत्र में गश्त पर निकले थानाध्यक्ष राजकुमार सिंह दुर्घटनास्थल पर तुरंत पहुंच गए। उन्होंने बच्चों को गोद में उठाया और अपनी सरकारी जीप से सभी घायलों को उपचार के लिए सीएचसी आसफपुर भेजा। घायलों के परिजनों को भी सूचित किया गया, जो बाद में अस्पताल पहुंच गए।

फैजगंज बेहटा थानाध्यक्ष राजकुमार सिंह ने बताया कि घायल महिला सहित सभी लोगों का उपचार जारी है। दुर्घटनाग्रस्त बाइकों को थाने भेज दिया गया है।

विज्ञापन एक्सप्रेस