6:19 pm Tuesday , 21 July 2026
BREAKING NEWS

रोशनी से जगमगाई नगरी-बाजारों में रौनक, उझानी वाले आज छोड़ेंगे खुशियों की फुलझड़ियां

उझानी बदांयू 20 अक्टूबर।

रोशनी और खुशियों का पर्व दिवाली पर पूरा नगर जगमग है। बाजारों में रौनक है, घर-आंगन सजे हैं और अपनों के साथ मिलन की खुशी से माहौल उमंग से भरा है। इस बार भी दीपों की लौ के साथ पर्यावरण की चिंता पर संतुलन साधने की कोशिश होगी। ग्रीन पटाखों की रोशनी से आसमान नहाएगा लेकिन दिलों की सच्ची रोशनी वही होगी जो प्रकृति को सुरक्षित रखे।


नगर सहित देहात क्षेत्र में दिवाली पर मां लक्ष्मी के स्वागत के लिए हर गली, मोहल्ला और बाजार सजावटी लाइटों से चमक उठा है। मकानों की बालकनियों में लटकती झालरें और दुकानों पर सजी मिठाइयों की ट्रे त्योहार की खुशियां बयां कर रही हैं। लोग एक-दूसरे को मिठाइयां और उपहार देकर त्योहार की शुभकामनाएं दे रहे हैं। अब उस पल का इंतजार है जब माता लक्ष्मी और गणेश जी का पूजन करने के बाद परिजनों के साथ ग्रीन पटाखे छुड़ाने है। सुरिक्षत दिवाली के लिए नगरपालिका ,पुलिस ,स्वास्थ्य विभाग ने तैयारी कर ली हैं।

उझानी के तमाम मार्केट, बस अड्डों, रेलवे स्टेशन, से लेकर भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल दिवाली से लेकर भैयादूज के पर्व तक सुरक्षा के यह इंतजाम जारी रहेंगे। प्रदेश सरकार ने तमाम अस्पताल के अलावा पूरे सरकारी तंत्र को अलर्ट मोड में रहने के आदेश दिए हैं।
—–
बदांयू एक्सप्रेस की पाठकों से अपील।

पटाखों के साथ बरतें सावधानी
किसी भी सूरत में नॉन ग्रीन पटाखें न जलाएं
यदि बच्चे पटाखें जला रहे हैं तो उनके साथ बड़े जरूर हों
हमेशा पटाखे खुले मैदान में ही जलाएं
रॉकेट हमेशा ऊपर की ओर छोड़े
छतों को साफ कर वहां से ज्वलनशील पदार्थ को हटा लें
पटाखे जलाने के दौरान अपने पास पानी और बालू का इंतजाम भी जरूर करें

पटाखों को हमेशा दूर से ही आग लगाएं
चिंगारियां छोड़ने वाले पटाखों के पास नहीं जाना चाहिए।
पटाखें जलाते समय जूते पहनें
दीये जलाते समय उसे पर्दे या ज्वलनशील जगह पर न रखें
कम उम्र के बच्चों को पटाखों के पास न जाने दें
बच्चों को कभी भी खुद पटाखे जलाने न दें
पटाखे न फूटें तो उन्हें दोबारा जलाने की कोशिश न करें
पटाखे से जल जाएं तो सबसे पहले उस हिस्से को नल के नीचे बहते पानी से राहत दिलाएं। खुद से किसी दवा को न लगाएं।


—-
सफाई के लिए नगरपालिका अलर्ट
दिवाली के बाद नगर में सड़कों और गलियों में कूड़ा न जमा हो, इसके लिए नगरपालिका ने सभी कर्मचारियों को ड्यूटी पर तलब किया है। वार्ड स्तर के अधिकारियों को सुबह से सफाई व्यवस्था की निगरानी के निर्देश दिए गए हैं।
पूजा सामग्री, दीयों, फूलों, मिठाई के डिब्बों और पटाखों के अवशेष उठाने के लिए अतिरिक्त ट्रक और ट्रेक्टर तैनात किए गए हैं। वरिष्ठ अधिकारी खुद क्षेत्रों का दौरा करेंगे और लापरवाही मिलने पर संबंधित कर्मचारियों पर कार्रवाई होगी।



अस्पताल हाई अलर्ट पर रहेंगे
दिवाली पर पटाखों से जलने वाले और आग संबंधी घटनाओं के पीड़ितों के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलर्ट रहेगा। अधीक्षक डॉ सर्वेश कुमार ने बताया कि इमरजेंसी में हर समय चिकित्सक उपलब्ध रहेंगे।

कूड़ा सही जगह डाले ताकि सभी त्योहार मना सकें नगरपालिका के सफाई निरीक्षक हरीश कुमार त्यागी ने नागरिकों से अपील की है कि वे त्योहार के बाद घरों का कचरा निर्धारित स्थान पर डालें। त्योहार के अगले दिन कूड़ा सही जगह पर होगा तो सफाई जल्द हो जाएगी और कर्मचारी भी परिवार के साथ त्योहार मना सकेंगे। कूड़ा बिखरा होने से कर्मचारियों को सफाई में ज्यादा समय लगेगा।

राजेश वार्ष्णेय एमके

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.