उझानी बदांयू 21 सितंबर।
शारदीय नवरात्र सोमवार कल से शुरु हो रहा है। इसको लेकर शहर के साथ ही ग्रामीण क्षेत्र के बाजार सज गए हैं। पूजन सामग्री की दुकानों पर देवी मां को चढ़ाई जाने वाली एक से बढ़कर एक चुनरी उपलब्ध है। पूजा और व्रत के दौरान प्रयोग होने वाली सामग्रियों की खरीदारी शुरू हो गई है। इसके चलते बाजारों में चहल-पहल बढ़ गई है।
नवरात्र की रौनक घरों में ही नहीं, बल्कि मंदिरों और बाजार में भी दिखाई देने लगी है। नवरात्र 22 सितंबर से शुरू हो रहा है। कलश स्थापना इसी दिन शुभ मुहूर्त में की जाएगी।
नवरात्र के लिए दुकानदारों ने पहले से ही तैयारियां करते हुए दुकानों पर सामान सजा दिया है। दुकानों के बाहर चुनरी, वस्त्र, माला, मुकुट एवं अन्य सामान सज गए हैं। शहर और ग्रामीण क्षेत्र के बाजारों में दुकानों पर पूजा एवं व्रत के दौरान प्रयोग होने वाली सामग्रियों की खरीदारी शुरू हो गई है। शाम होते ही इन दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ हो रही है। लोग पूजा के लिए कलश, नारियल, चुनरी, रोरी, पान, घी, धूप बत्ती, अगरबत्ती, लौंग, सुपारी, कपूर आदि सामग्री खरीद रहे हैं। बाजार में सिंघाड़ा, कुट्टू का आटा, समां का चावल, मूंगफली, साबूदाना, फल, व्रत के अन्य सामान की भी दुकानें सज गई हैं।
शहर के कछला रोड स्थित पूजन सामग्री विक्रेता पवन ने बताया कि पूजा और व्रत के दौरान प्रयोग होने वाली सामग्री की खरीदारी हो रही है। उनके यहां पूजन से संबंधित सभी सामग्री उपलब्ध है। उनके यहां माता को चढ़ाई जाने वाली चुनरी 10 रुपये से लेकर गोटा एवं सितारा लगी 300 रुपये तक में है। बाजार में इससे अधिक दर पर भी आकर्षक चुनरी उपलब्ध है।
कपूर 1000 तो लौंग 1500 रुपये किलो
नौ दिनों तक घरों और सभी देवी मंदिरों में पूजा-पाठ की धूम रहेगी। बाजार में कपूर 1000 रुपये प्रति किलो, तिल का तेल 160 प्रति लीटर, देशी घी ब्रांडेड 520 एवं 530 प्रति किलो मिल रहा है। हवन सामग्री 100 ग्राम 20 और 200 ग्राम 35 रुपये, रोरी 5 और 10 रुपये प्रति पैक, रुई 50 रुपये प्रति सौ ग्राम, रुई बत्ती 5 से लेकर 50 रुपये प्रति पैक और खुली बत्ती 500 से 700 रुपये प्रति किलो तक है। कलश स्थापना के लिए सादा और रंगीन कलश की बाजार में बिक्री हो रही है।
राजेश वार्ष्णेय एमके।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
