2:16 pm Saturday , 1 August 2026
BREAKING NEWS

बदायूं में युवक की हत्या आज दफन होगा शव पुलिस ने बढ़ाई चौकसी

सौम्य सोनी की रिपोर्ट

बदायूं 6 अगस्त।

बदायूं में मामूली कहासुनी के चलते युवक बहार तुर्क की हत्या के बाद आज उसके शव को दफन किया जाएगा। वहीं पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पुलिस इस केस को अब जानलेवा हमले की धाराओं में तरमीम करेगी। युवक के शव को दफन करने के चलते इलाके में पुलिस ने चौकसी बढ़ा दी है। वहीं परिवार वालों को भी आश्वासन दिया गया है कि जांच जारी है और जो भी इस कांड में शामिल होगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई तय है।

दरअसल बहार तुर्क के परिजनों का दावा है कि उसके शरीर पर चाकू से 56 बार हमला किया गया था। यह एक व्यक्ति के बस का नहीं है, मुकदमे में नामजद चारों युवकों के पास चाकू थे और ताबड़तोड़ प्रहार किए गए थे। जबकि पुलिस ने केवल फराज को चाकू के साथ गिरफ्तार किया है।

अकरम की गिरफ्तारी के बाद उसके पास से चाकू बरामद नहीं किया। परिजन इसे पुलिस की साजिश करार दे रहे थे।

परिजनों का आरोप है कि चाकू बरामद होने से आरोपियों पर दोष साबित होगा, अन्यथा हत्या के मामले में केवल फराज ही आरोपी रहेगा और बाकी के तीनों आरोपियों को राहत मिल जाएगी।

शानू को बताया मास्टर माइंड

परिजन खंडसारी मोहल्ले के शानू नाम के युवक को इस पूरे केस का मास्टर माइंड बता रहे हैं। हालांकि उसका नाम एफआईआर में शामिल नहीं है। बहार की मौत के बाद यह नाम सामने आया है। आरोप यह भी है कि शानू ही पुलिस को मैनेज कर रहा है। ताकि केस हल्का रहे। इस पर अधिकारियों ने परिजनों को निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया।

यह भी कहा गया कि जांच में अगर शानू की मिलीभगत सामने आई तो उसका नाम भी तफ्तीश के दौरान केस में शामिल कर गिरफ्तारी होगी। अफसरों के आश्वासन पर परिजन संतुष्ट हो गए। जबकि मुकदमे में फरार चल रहे नामजदों की भी जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया गया। एसएचओ कोतवाली प्रवीण कुमार ने बताया कि फिलहाल फरार नामजदों की गिरफ्तारी की कोशिश जारी है। जांच में अगर शानू भी इस केस में शामिल निकला तो उसे भी पकड़ा जाएगा।

विज्ञापन एक्सप्रेस