12:50 pm Saturday , 1 August 2026
BREAKING NEWS

बारिश से धान की फसल को मिली संजीवनी नगर में कई जगह जलभराव से दिक्कत

उझानी बदांयू 5 अगस्त।

रविवार रात से जारी बादलों की आवाजाही झमाझम बारिश में बदल गई। सोमवार रात लगभग 12 बजे शुरू हुआ बारिश का सिलसिला रुक-रुक कर पूरे दिन जारी रहा। इससे धान की फसल को संजीवनी मिल गई, किसानों के चेहरे खिल उठे। हालांकि इस दौरान नगर के कई स्थानों पर जलभराव से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

जुलाई माह में जिले में लगभग सूखे जैसी स्थिति रही, किसान महंगे डीजल पंप के सहारे फसल को बचाने में लगे रहे। अगस्त की शुरुआत के साथ ही सूखे का प्रकोप खत्म होने लगा, रविवार रात को झमाझम बारिश हुई। इससे धान की फसल लहलहा उठी, खेत में पड़ीं दरारें भर गईं।

नरऊ के किसान महावीर सिंह ने बताया कि बारिश न होती तो धान की फसल बर्बाद हो जाती। किसान राम चंद्र ने बताया कि धान की फसल के लिए बारिश काफी लाभदायक है। पंपिंग सेट से सिंचाई तो हो जाती है, लेकिन लागत बढ़ जाती है। बारिश होने से लोगों को चिलचिलाती धूप व उमस भरी गर्मी से भी राहत मिली।

बारिश ने जहां एक ओर गर्मी से निजात दिलाते हुए फसलों को नवजीवन दिया है, वहीं दूसरी ओर जगह-जगह जलभराव से दिक्कत भी हो रही है। यही नहीं, स्टेशन रोड पर वाहनों के गुजरने से गंदे पानी की छीटों से बाइक व साइकिल सवारों के कपड़े भी खराब हो रहे हैं। इसी तरह घंटाघर मार्केट,पंखा रोड, स्टेशन रोड पर जलनिकासी की व्यवस्था न होने से जलभराव हो गया है। नगर पालिका के गंजशहीदा सहित कई निचले मोहल्लों में भी जलजमाव हो गया है।

बारिश से किसी भी फसल को नुकसान नहीं हुआ है। धान, मक्का, गन्ना, मेंथा व सब्जियों की फसल को काफी फायदा होगा। हालांकि किसानों को थोड़ी सावधानी बरतने की जरूरत है। सब्जियों के खेत में पानी न भरने दें।
डॉ संजय कुमार, कृषि वैज्ञानिक।

राजेश वार्ष्णेय एमके

विज्ञापन एक्सप्रेस