2:14 pm Friday , 31 July 2026
BREAKING NEWS

पिटवाना चाहते हैं बीपीएम, बिसौली चिकित्सा अधीक्षक ने सीएमओ से की शिकायत

बदायूं। सीएचसी बिसौली के चिकित्सा अधीक्षक ने बीपीएम पर पिटवाने और धमकाने का आरोप लगाया है। उन्होंने इसकी इसकी शिकायत सीएमओ से की है। सीएमओ ने जांच एसीएमओ को दी है।

चिकित्सा अधीक्षक डॉ. पंकज शर्मा ने बताया कि फरवरी 2025 में उन्होंने सीएचसी बिसौली में कार्यभार संभाला है। उसके बाद से कार्यक्षमता बढ़ाने, भ्रष्टाचार पर रोक लगाने के उद्देश्य से कई सख्त कदम उठाए। इसके बाद से ही (ब्लाक प्रोग्राम मैनेजर) बीपीएम कौशल शर्मा उनके विरुद्ध व्यक्तिगत शत्रुता रखने लगे। आरोप लगाया कि वह कर्मचारियों को उनके खिलाफ भड़का रहे हैं। व्हाट्सएप ग्रुप में अमर्यादित टिप्पणियां कर रहे हैं और सीएचसी का माहौल खराब बना रहे हैं। हाल ही में एक महिला कर्मचारी ने बीपीएम पर वित्तीय गबन का आरोप लगाया है। उसके बाद से उनको धमकी मिलने लगी। उन्हें किसी झूठे केस में फंसाने के साथ महिला से अश्लील आरोप लगवाने की धमकी मिली।

चिकित्सा अधीक्षक ने बताया बीपीएम कौशल शर्मा का स्थानीय प्रभाव है। अधिकांश कर्मचारी खुलकर कुछ कहने से डरते हैं। चिकित्सा अधीक्षक ने सीएमओ और पुलिस को भेजे पत्र में जांच कराकर कार्रवाई की मांग की है। सीएमओ डॉ. रामेश्वर मिश्रा ने विभागीय जांच के आदेश दे दिए हैं। पुलिस ने भी दोनों पक्षों से पूछताछ कर विधिक कार्रवाई का आश्वासन दिया है। बीपीएम कौशल शर्मा ने बताया कि मैं पिछले तीन दिनों से अवकाश पर हूं। इसलिए मुझे इस संबंध में कोई जानकारी नहीं है।


– बिसौली अधीक्षक की शिकायत पर तीन सदस्यीय टीम गठित कर दी है। इसमें डिप्टी सीएमओ, डीपीएम, डीसीपीएम को शामिल किया है। रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी। – डॉ.रामेश्वर मिश्रा, सीएमओ

विज्ञापन एक्सप्रेस