बिसौली। साई विहार स्थित होटल में उस वक्त हड़कंप मच गया जब अमित शर्मा नि. शिव कॉलोनी पर जानलेवा हमला करने की कोशिश की गई। जानकारी के अनुसार, अमित अपने परिवार व मित्रों के साथ होटल में खाना खाने पहुंचे थे। इसी दौरान नगर का एक युवक तीन अज्ञात साथियों के साथ हाथ में छुरा लेकर होटल में आ धमका और अमित को गली की ओर खींचकर मारने का प्रयास किया।
घटना की भयावहता को देख वहां मौजूद लोग सहम गए। इसी बीच मौके पर पहुंचे नगर महामंत्री राजकुमार ने साहस दिखाते हुए कमर से बेल्ट निकालकर हमलावरों का मुकाबला किया और उन्हें खदेड़ दिया। राजकुमार की तत्परता से हमलावर मौके से भाग निकले और एक बड़ी अनहोनी टल गई। सूचना मिलते ही बुध बाजार चौकी इंचार्ज अमित कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और हमलावरों की तलाश शुरू की, लेकिन आरोपी भागने में सफल रहे। होटल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, जिससे आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी में मदद मिल सके। उधर, हमले के बाद पीड़ित के परिवार में दहशत का माहौल है। उन्होंने कोतवाली में लिखित तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। कोतवाल हरेन्द्र सिंह का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और शीघ्र ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

