6:22 am Wednesday , 29 July 2026
BREAKING NEWS

गिन्दो देवी महिला महाविद्यालय में एन0एस0एस0 सात दिवसीय शिविर

गिन्दो देवी महिला महाविद्यालय में एन0एस0एस0 के “सात दिवसीय शिविर का तीसरा दिन” गिन्दो देवी महिला महाविद्यालय बदायूं में आज दिनांक 08/02/2025 को राष्ट्रीय सेवा योजना के “सात दिवसीय विशेष शिविर” का तीसरा दिन आयोजित किया गया। शिविर के तीसरे दिन की शुरुआत महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. इंदु शर्मा और आज की मुख्य वक्ता डॉ. इति अधिकारी ने मां सरस्वती के समक्ष पुष्प अर्पित करके किया। छात्राओं के सरस्वती वंदना और लक्ष्य गीत के द्वारा कार्यक्रम को आगे बढ़ाया गया। इस सात दिवसीय शिविर के तीसरे दिन की थीम “नशा मुक्ति एवं डिजिटल इंडिया मिशन” रखी गई थी जिसके तहत मुख्य वक्ता ने स्वयं सेविकाओं को यह बताया कि नशा सिर्फ शराब पीने से ही नहीं होता है, बल्कि किसी भी चीज का हद से अधिक इस्तेमाल करना भी एक तरह का नशा या लत ही कहलाता है। उन्होंने आजकल युवाओं में मोबाइल फोन या इंटरनेट के प्रति बढ़ने वाले आकर्षण को हानिकारक बताते हुए छात्राओं को इस बात से सचेत किया कि ज्यादा मोबाइल फोन का इस्तेमाल हमारे मानसिक स्वास्थ्य पर नकारात्मक प्रभाव डालता है और साथ ही साथ हमारी एकाग्रता को भी कम करता है। उन्होंने मुख्य रूप से महिलाओं के खिलाफ होने वाले विभिन्न साइबर अपराधों का जिक्र करते हुए उन्हें अनजान लोगों से या अनजान नंबर पर अपनी निजी तस्वीरें या निजी जानकारी साझा न करने का सुझाव दिया। उन्होंने मन को शांत और एकाग्र करने के कई तरीके भी बतायें।
बौद्धिक सत्र के अंत में प्राचार्या जी ने टेक्नोलॉजी से जुड़ी हुई कुछ अन्य बातों को साझा करते हुए यह बताया कि टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल करने से हमारी जिंदगी आसान होती है और इसके बहुत सारे फायदे हैं। टेक्नोलॉजी के माध्यम से दूर दराज के इलाकों में रहने वाले छात्र छात्राएं भी ऑनलाइन बहुत सी चीजें सीख सकते हैं और ज्ञान प्राप्त कर सकते हैं। इंटरनेट या मोबाइल फ़ोन के जिम्मेदार उपयोग को बढ़ावा देकर एवं सीमाएँ निर्धारित करके हम इसके हानिकारक प्रभावों को कम कर सकते हैं और संतुलित और विचारशील तरीके से इसका समुचित लाभ ले सकते हैं। अंत में प्राचार्या जी ने मुख्य वक्ता को धन्यवाद देते हुए बौद्धिक सत्र को समाप्त किया । इस पूरे कार्यक्रम का आयोजन एवं संचालन एन0एस0एस0 के कार्यक्रम अधिकारी डॉ० प्रीति वर्मा और अवनिशा वर्मा के द्वारा संपन्न कराया गया। शिविर के तीसरे दिन “अगर मैं ये होती” थीम पर विद्यार्थियों के मध्य निबंध प्रतियोगिता भी आयोजित की गई जिसमें छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस अवसर पर कॉलेज के समस्त प्राध्यापिकाओं ने अपनी उपस्थिति से छात्राओं का हौसला बढ़ाया।

विज्ञापन एक्सप्रेस