कुंवरगांव में शिवभक्त कांवड़ियों का जोरदार स्वागत, जगह-जगह लगे भंडारे
बम-बम भोले के जयकारों से गूंजता रहा आंवला-बदायूं मार्ग, केसरिया रंग में रंगा नजर आया नगर
कुंवर गांव संवाददाता
कुंवरगांव। सावन माह शुरू होते ही शिवभक्त कांवड़ियों की आवाजाही बढ़ गई है। नगर कुंवरगांव से होकर बड़ी संख्या में कांवड़िए जा रहे कांवड़ियों के जयकारों और डीजे पर बज रहे शिव भजनों से आंवला-बदायूं मार्ग पूरे दिन शिवमय नजर आया।
कंधों पर कांवड़, तन पर केसरिया वस्त्र और पैरों में घुंघरू बांधे शिवभक्त नाचते-गाते अपनी मंजिल की ओर बढ़ते दिखाई दिए। डीजे पर बज रहे भोलेनाथ के भजनों पर कांवड़ियों की टोलियां झूमती हुई आगे बढ़ रही थीं। कई कांवड़िए पैदल ही लंबी दूरी तय कर रहे हैं। रास्ते में नंगे पैर चलने के दौरान कंकड़-पत्थरों से होने वाली परेशानी के बावजूद उनकी आस्था और उत्साह में कोई कमी नजर नहीं आई।
नगर में कांवड़ियों के स्वागत के लिए जगह-जगह समाजसेवियों एवं श्रद्धालुओं द्वारा भंडारों का आयोजन किया गया। यहां कांवड़ियों को भोजन, प्रसाद और जलपान कराया गया। सैकड़ों शिवभक्तों ने भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया और ‘हर-हर महादेव’ व ‘बम-बम भोले’ के जयकारे लगाते हुए अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए।
कांवड़ियों की लगातार बढ़ती संख्या के चलते नगर का माहौल पूरी तरह भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुओं की सेवा में स्थानीय लोगों का उत्साह भी देखते ही बन रहा था।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

