।
पिता ने एसएसपी से लगाई गुहार, आदेश पर मुकदमा पंजीकृत।
उझानी-बदांयू 8 अगस्त।
कोतवाली उझानी क्षेत्र के गाँव झब्बू नगला निवासी नीरज कुमार ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर अपनी बेटी अंजली के साथ दहेज को लेकर हो रही मारपीट और उत्पीड़न की शिकायत की है। एसएसपी के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत कर लिया है।
पीड़ित पिता का आरोप है कि बेटी अंजली की शादी 15 अक्टूबर 2024 को थाना बिल्सी क्षेत्र के शाहबाजपुर निवासी सुरेन्द्र शाक्य पुत्र देवपाल शाक्य के साथ हिंदू रीति-रिवाज से की गई थी। शादी में अपनी हैसियत से अधिक 15 लाख रुपये नगद, 2 तोला सोना, मोटरसाइकिल व घरेलू सामान सहित करीब 30 लाख रुपये का दहेज दिया गया था।
शिकायत में कहा गया है कि शादी के बाद ससुराल पक्ष सुरेन्द्र, ससुर देवपाल, सास गंगाश्री, जेठ विजेन्द्र, जेठानी निर्मला व अन्य लोग अतिरिक्त दहेज में ब्रेजा कार की मांग करने लगे। मांग पूरी न होने पर अंजली के साथ गाली-गलौज व मारपीट की जाती थी।
नीरज कुमार ने आगे बताया कि सुरेन्द्र पहले से ही हजरतपुर क्षेत्र की एक युवती से प्रेम करता था। दहेज और रुपये के लालच में परिवार ने अंजली से शादी कर ली। 10 सितंबर 2025 को पंचायत हुई थी जिसमें ससुराल पक्ष ने दोबारा परेशान न करने का आश्वासन दिया था।
पिता का आरोप है कि कुछ समय बाद अंजली गर्भवती हो गई। इस बात की जानकारी होने पर ससुराल वालों ने गर्भपात कराने का दबाव बनाया। मना करने पर 28 जून 2026 को सुबह करीब 8 बजे अंजली के साथ लात-घूंसों और डंडों से मारपीट की गई।
पीड़ित पिता ने एसएसपी से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

