11:23 am Sunday , 26 July 2026
BREAKING NEWS

व्यापारी सुरक्षा प्रकोष्ठ की बैठक में व्यापारियों ने उठाए सुरक्षा और यातायात सुधार के मुद्दे

बदायूं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में पुलिस लाइन बदायूं में व्यापारी सुरक्षा प्रकोष्ठ की बैठक आयोजित की गई। बैठक में व्यापारी प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों, ज्वेलर्स, व्यापारियों एवं उद्यमियों ने भाग लिया और व्यापारियों की सुरक्षा तथा शहर की यातायात व्यवस्था से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव रखे।

बैठक की शुरुआत में बदायूं ज्वेलर्स एसोसिएशन एवं व्यापार मंडल की ओर से हरिकृष्ण वर्मा और व्यापार मंडल अध्यक्ष वीरेंद्र ढींगरा ने नवागत सीओ सिटी राहुल पांडे, प्रभारी निरीक्षक सिविल लाइंस हरेंद्र सिंह तथा प्रभारी निरीक्षक क्राइम अशोक कुमार सिंह का स्वागत किया।

बैठक में हरिकृष्ण वर्मा ने कहा कि शहर में ई-रिक्शा, टेंपो, दोपहिया और चारपहिया वाहनों का संचालन केवल वैध लाइसेंस एवं आवश्यक दस्तावेज रखने वाले चालकों को ही करने दिया जाए। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों को जब्त करने की कार्रवाई की जाए।

उन्होंने शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए सड़कों के दोनों किनारों एवं बीच में सफेद पट्टी (मार्किंग) कराने का सुझाव भी दिया, ताकि कोई भी वाहन सड़क पर अव्यवस्थित ढंग से खड़ा न किया जा सके और जाम की समस्या से राहत मिले।

बैठक में पुलिस अधिकारियों ने व्यापारियों को साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी एवं ब्लैकमेलिंग से बचाव के संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की।

व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से बाजारों में नियमित गश्त, सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने तथा व्यापारियों की समस्याओं के त्वरित समाधान की भी मांग की।

विज्ञापन एक्सप्रेस