कुंवर गांव
कुंवरगांव (बदायूं)। थाना क्षेत्र के गांव कैली में चोरों ने जमकर आतंक मचाया। अज्ञात चोरों ने करीब एक दर्जन किसानों के ट्यूबवेलों के ताले तोड़कर बिजली के उपकरण और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया। शनिवार सुबह जब किसान खेतों पर पहुंचे तो चोरी का पता चला, जिससे पूरे गांव में हड़कंप मच गया।
पीड़ित किसानों में संजीव, भूपाल, जागेराम, सुरेश, भूरे (निवासी कैली), इकलाश (खरेर) और सलाउद्दीन (लोचनपुर) समेत करीब एक दर्जन किसान शामिल हैं। चोर नलकूपों से स्टार्टर, केबल और अन्य बिजली उपकरण समेट ले गए। किसानों ने जब आसपास के ट्यूबवेलों की जांच की तो कई अन्य स्थानों पर भी चोरी की वारदात सामने आई।
लगातार हो रही ट्यूबवेल चोरियों से किसानों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से चोर सक्रिय हैं, लेकिन पुलिस अब तक उन पर प्रभावी अंकुश लगाने में नाकाम साबित हुई है। किसानों का आरोप है कि रात में पुलिस गश्त न होने का फायदा उठाकर चोर लगातार वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। किसानों ने पुलिस प्रशासन से चोरों की जल्द गिरफ्तारी, चोरी का खुलासा और क्षेत्र में नियमित रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो चोरों के हौसले और बुलंद हो जाएंगे।





badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
