9:10 am Monday , 20 July 2026
BREAKING NEWS

उघैती – बारिश से मकान का लेंटर गिरा, मलबे में दबकर महिला की मौत

बारिश से मकान का लेंटर गिरा, मलबे में दबकर महिला की मौत।

उघैती थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर गांव की घटना, पति और 4 बच्चे बाल-बाल बचे, राजस्व टीम ने किया नुकसान का आकलन।

बदांयू 10 जुलाई।

लगातार हो रही बारिश के कारण बदायूं जिले में एक हादसा हो गया। उघैती थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर गांव में शुक्रवार तड़के एक मकान का लेंटर भरभरा कर गिर गया। मलबे में दबने से 37 वर्षीय महिला की मौत हो गई।

मृतक महिला की पहचान गुड्डो देवी पत्नी महीपाल के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार रात करीब 2 बजे गुड्डो देवी कमरे में सो रही थीं। तभी अचानक मकान का लेंटर गिर गया। चीख-पुकार सुनकर परिवार के सदस्य और ग्रामीण मौके पर पहुंचे।

ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद गुड्डो देवी को मलबे से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। हादसे के समय महीपाल अपने चार बच्चों के साथ बरामदे में सो रहे थे, इसलिए वे बाल-बाल बच गए।

सूचना मिलने पर उघैती थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। राजस्व विभाग की टीम ने भी मौके का निरीक्षण कर नुकसान का आकलन किया।

ग्रामीणों का कहना है कि लगातार हो रही बारिश के कारण मकान कमजोर हो गया था, जिसकी वजह से यह हादसा हुआ। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।

विज्ञापन एक्सप्रेस