2:43 am Wednesday , 29 July 2026
BREAKING NEWS

पंचायतों का कार्यकाल खत्म, शासन के आदेश की बाट जोह रहा विभाग।

बदांयू में 12 जुलाई को हटेंगे जिला पंचायत अध्यक्ष, 26 जून को जा चुके ब्लॉक प्रमुख।

बदांयू 6 जुलाई।

बदांयू जिले में पंचायती राज व्यवस्था असमंजस के दौर से गुजर रही है। हाईकोर्ट के आदेश के बाद भी शासन की तरफ से कोई स्पष्ट निर्देश न आने से जिला पंचायत, ब्लॉक प्रमुख और ग्राम प्रधानों के पदों का भविष्य लटका हुआ है।

जिले में जिला पंचायत चेयरमैन का कार्यकाल 12 जुलाई को समाप्त हो जाएगा, जबकि ब्लॉक प्रमुखों का कार्यकाल 26 जून को ही खत्म हो चुका है। उधर ग्राम पंचायतों में भी प्रधान पद को लेकर विभाग दुविधा में है। हाईकोर्ट ने निर्वाचित पदों का कार्यकाल न बढ़ाने की सलाह दी है।

सूत्रों के अनुसार हाईकोर्ट ने ग्राम प्रधानों को प्रशासक नियुक्त करने के सरकारी आदेश पर रोक लगाते हुए तीखे सवाल भी उठाए थे। कोर्ट का कहना है कि पंचायतों का कार्यकाल 5 वर्ष से अधिक नहीं बढ़ाया जा सकता। इसी के बाद अब जिला पंचायत अध्यक्ष और ब्लॉक प्रमुखों को भी प्रशासक बनाने की मांग उठने लगी है।

फिलहाल विभाग ने शासन के निर्देशों के लिए फाइलें भेज दी हैं, लेकिन अब तक कोई जवाब नहीं आया। इसी वजह से जिले में यथास्थिति बनी हुई है और विकास कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं।

पंचायत चुनाव को लेकर यूपी सरकार हाईकोर्ट के आदेश के खिलाफ अपील करने पर भी विचार कर रही है। शासन के अगले आदेश पर ही तय होगा कि प्रशासक बैठेंगे या चुनाव की तारीख घोषित होगी।

विज्ञापन एक्सप्रेस